Agra Crime News: आगरा में नंबर प्लेट पर कालिख लगाकर अवैध परिवहन का हो रहा था बड़ा खेल, मामले में 13 गिरफ्तार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 20, 2022, 03:20 PM IST

Agra Crime News: आगरा के सैंया में डंपरों की नंबर प्लेट पर कालिख पोतकर राजस्थान से बालू, डस्ट और गिट्टी का अवैध परिवहन पकड़ा गया। तीन डंपर की नंबर प्लेट पर कालिख पोती गई थी। एआरटीओ ने तीन अलग-अलग मुकदमे डंपर चालकों और मालिकों के खिलाफ दर्ज कराए।

Agra Crime News: आगरा में नंबर प्लेट पर कालिख लगाकर अवैध परिवहन का हो रहा था बड़ा खेल, मामले में 13 गिरफ्तार
Photo Credit: Representative Image

Agra Crime News: उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में सैंया में डंपरों की नंबर प्लेट पर कालिख पोतकर राजस्थान से बालू, डस्ट और गिट्टी का अवैध परिवहन पकड़ा गया। पुलिस ने रात को ग्वालियर मार्ग पर चेकिंग के दौरान आठ ओवरलोड डंपर पकडे़। इस मामले में पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से चार फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद हुई है। एसपी पश्चिमी सत्यजीत गुप्ता ने कहा कि बालू और गिट्टी के अवैध परिवहन की शिकायत मिल रही थी। रात को एक बजे एआरटीओ ललित कुमार के साथ पुलिस टीम सैंया क्षेत्र में ग्वालियर हाईवे पर पांच डंपर रोककर उनके कागजात चेक कर रही थी। एक डंपर को चालक लेकर भागने की कोशिश करने लगा। उस डंपर के नंबर प्लेट पर कालिख पोती गई थी।

पुलिस के पीछा करने पर सैंया के पुरा महाराज सिंह चालक ने डंपर को रोक दिया। डंपर मालिक प्रवेश भी कई लोगों के साथ वहां पर पहुंच गया। इसी दौरान पुलिसकर्मियों से अभद्रता की। पुलिस ने आरोपी चालक संतोषी, डंपर मालिक प्रवेश, उसका चचेरा भाई भोलू गुर्जर, भतीजा कुलदीप, धनदीप और इरफान को पकड़ लिया। उन पर एसआई ने मारपीट, धोखाधड़ी, गालीगलौज, जान से मारने की धमकी, सरकारी कार्य में बाधा के अधिनियम में मुकदमा दर्ज कराया। 

नंबर प्लेट पर कालिख पोती

वाहन चेंकिग के दौरान तीन डंपर की नंबर प्लेट पर कालिख पोती पकड़ी गई थी। एआरटीओ ने तीन अलग-अलग मुकदमे डंपर चालकों और मालिकों के खिलाफ दर्ज कराए। इनमें धौलपुर निवासी चालक दिवारीलाल, बंटी, प्रबल सिसौदिया, अचल सिंह नामजद किए गए। सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान डंपरों पर लगे नंबर प्लेट के आधार पर बीएस परमार, एमएस परमार, अमित मित्तल, हरिग्रिज सप्लायर को मुकदमे में नामजद किया है। 

मलपुरा में भी पकड़े गए तीन डंपर  

मलपुरा में ककुआ चौकी प्रभारी अमित कुमार ने चेंकिग के दौरान तीन डंपर जब्त किए, जिसमें एक डंपर खाली था, जबकि दो में गिट्टी और डस्ट लोड थी। इनकी नंबर प्लेट से नंबर मिटा दिए गए थे। पुलिस ने चालक एटा निवासी विमल, धौलपुर निवासी धर्मेंद्र और खेरागढ़ निवासी ओमवीर को गिरफ्तार कर लिया है। चौकी प्रभारी ने मुकदमा दर्ज कराया। आरोपियों में डंपर मालिक अवागढ़ निवासी राजीव जैन, मुरैना निवासी सत्यवीर और ग्वालियर की शक्ति इंडिया ट्रेडर्स के मालिक को नामजद किया गया हैं। 

चेकिंग से बचने के लिए छिपाते हैं नंबर प्लेट 

पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह डंपर की नंबर प्लेट को कालिक से पोत देते हैं। इससे राजस्थान सीमा पर पुलिस गाड़ी को पकड़ नहीं पाती है। नंबर नहीं होने की वजह से पहचान भी आसान नहीं है। वहीं जीएसटी और ओवरलोड माल ले जाकर अन्य शुल्क की चोरी भी करते हैं।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!