Pakistan Political Crisis: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी को पद छोड़ने के लिए मजबूर करने और सेना प्रमुख फील्ड मार्शल असीम मुनीर के इस पद पर काबिज होने के आकांक्षी होने के कयासों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि ये बातें महज ‘अटकलें’ हैं। शरीफ ने शुक्रवार को ‘द न्यूज’ अखबार से बातचीत में कहा कि फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने कभी राष्ट्रपति बनने की इच्छा नहीं जताई है और न ही ऐसी कोई योजना है।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ (दाएं) और फील्ड मार्शल असीम मुनीर (बाएं) (फाइल फोटो: AP)
शहबाज शरीफ ने क्या कुछ कहा?
शरीफ ने कहा कि जरदारी, मुनीर और उनके बीच संबंध आपसी सम्मान और पाकिस्तान की प्रगति और समृद्धि के समान लक्ष्य पर आधारित है।प्रधानमंत्री का यह स्पष्टीकरण गृह मंत्री मोहसिन नकवी द्वारा बृहस्पतिवार को दिए गए एक बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने जरदारी, शरीफ और मुनीर को निशाना बनाकर चलाए जा रहे ‘‘दुर्भावनापूर्ण अभियान’’ की निंदा की थी। सैन्य नेतृत्व के करीबी माने जाने वाले नकवी ने कहा था, ‘‘हम पूरी तरह से जानते हैं कि इस दुर्भावनापूर्ण अभियान के पीछे कौन है।’’
गृह मंत्री मोहसिन नकवी का भी आया बयान
गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने जरदारी को पद से हटाए जाने की अटकलों को खारिज करते हुए इसे एक दुर्भावनापूर्ण अभियान करार दिया था। नकवी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा था कि राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी, प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और सेना प्रमुख को निशाना बनाकर चलाए जा रहे दुर्भावनापूर्ण अभियान के पीछे कौन है, इसकी हमें पूरी जानकारी है। हालांकि, उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया। उन्होंने कहा, "मैंने स्पष्ट रूप से कहा है कि राष्ट्रपति से इस्तीफा देने या सेना प्रमुख के राष्ट्रपति पद संभालने की इच्छा रखने के बारे में न तो कोई चर्चा हुई है और न ही ऐसा कोई विचार है।"
