बांग्लादेश में एक बार फिर राजनीतिक हिंसा भड़क उठी है। पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की प्रतिबंधित पार्टी अवामी लीग द्वारा बुलाए गए गुरुवार के 'लॉकडाउन' के बीच राजधानी ढाका तड़के देसी बम धमाकों से दहल उठी, वहीं चटगांव में पूर्व अंतरिम सरकार प्रमुख मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर को आग के हवाले कर दिया गया। देश के 64 में से 28 जिलों में आगजनी, बमबारी और हिंसक झड़पों की खबरें हैं, जिनमें चार लोगों की मौत हो चुकी है।
मो. युनूस का पैतृक घर फूंका
यूनुस के आवास और ग्रामीण बैंक को बनाया निशाना
पीटीआई के मुताबिक, चटगांव के पांचलायश इलाके में अज्ञात उपद्रवियों ने मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर में आग लगा दी। इससे पहले पिछले दो दिनों के भीतर सिलहट, राजशाही, बरीशाल और फरीदपुर में उनके 'ग्रामीण बैंक' की कई शाखाओं को भी निशाना बनाकर फूंका गया है। वहीं, ढाका में कड़ी सुरक्षा के बावजूद सुबह कई जगहों पर देसी बम विस्फोट हुए, जिसमें कम से कम चार लोग घायल हो गए।
दोनों गुटों के बीच हिंसक टकराव, चार की मौत
लॉकडाउन के दौरान सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) और अवामी लीग के कार्यकर्ताओं के बीच कई जगह सीधी झड़पें हुईं। पुलिस के मुताबिक, पश्चिमी नड़ाइल जिले में बीएनपी के एक मार्च पर हुए हमले में दो स्थानीय नेताओं की मौत हो गई। इसके अलावा फरीदपुर और पिरोजपुर में हुई हिंसा में एक बीएनपी नेता और एक परिवहन कर्मचारी की जान चली गई। जवाबी कार्रवाई में ढाका समेत देश के अलग-अलग हिस्सों में बीएनपी के दो दफ्तरों और एक नेता के घर के साथ-साथ अवामी लीग के दो कार्यालयों और पांच नेताओं की संपत्तियों में आग लगा दी गई।
लॉकडाउन की वजह और सुरक्षा के कड़े इंतजाम
अवामी लीग ने यह लॉकडाउन पिछले साल एक विशेष न्यायाधिकरण द्वारा शेख हसीना को मानवता के खिलाफ अपराधों के मामले में सुनाई गई मौत की सजा की बरसी पर बुलाया है। गौरतलब है कि 5 अगस्त, 2024 को 'जुलाई विद्रोह' के बाद सत्ता से बेदखल हुईं 79 वर्षीय हसीना फिलहाल भारत में रह रही हैं और बांग्लादेश सरकार उनके प्रत्यर्पण की मांग कर रही है।
हिंसा को काबू करने के लिए हसीना के गृह जिले गोपालगंज समेत तमाम संवेदनशील इलाकों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) के हजारों जवान तैनात किए गए हैं। स्थानीय मीडिया BDnews24 के अनुसार, पुलिस ने बीते 24 घंटों में अकेले ढाका से 565 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें हसीना सरकार में शिक्षा मंत्री रहे नुरुल इस्लाम नाहिद भी शामिल हैं।
प्रधानमंत्री तारिक रहमान की दो टूक
इस बीच, प्रधानमंत्री तारिक रहमान ने अवामी लीग को "आतंकवादी संगठन" और परास्त फासीवादी ताकत करार देते हुए लोकतांत्रिक ताकतों से एकजुट होने की अपील की है। द डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, रहमान ने अपनी पार्टी के सांसदों को निर्देश दिया है कि वे केवल पुलिस-प्रशासन पर निर्भर रहने के बजाय तुरंत अपने क्षेत्रों में लौटें और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सड़कों पर उतरें।
