Julian Assange: विकिलीक्स वेबसाइट के संस्थापक जूलियन असांजे आखिरकार ब्रिटेन की जेल से रिहा हो गए हैं। विकिलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे ने अमेरिकी न्याय विभाग के साथ एक समझौते के तहत सरकारी डेटा चुराने के गंभीर आरोप में दोषी होने की दलील पर सहमति जताई है। विकीलीक्स के संस्थापक जूलियन असांजे अमेरिकी न्याय विभाग के साथ किए गए एक समझौते के तहत एक गंभीर आरोप को स्वीकार किया। जिससे गोपनीय दस्तावेज प्रकाशित करने से जुड़े उस कानूनी मामले का निपटारा हो गया जो कई महाद्वीपों में चर्चा का विषय बना रहा था।
जेल से बाहर आए जूलियन असांजे
सोमवार देर रात को दायर अदालती दस्तावेजों में यह जानकारी दी गई। न्याय विभाग ने अदालत में दायर एक पत्र में कहा कि असांजे अमेरिका के अधिकार क्षेत्र वाले मारियाना द्वीप की संघीय अदालत में पेश हुए जहां वह राष्ट्र की सुरक्षा से जुड़ी गोपनीय सूचना को अवैध रूप से हासिल करने और प्रसारित करने की साजिश रचने को लेकर जासूसी अधिनियम के तहत आरोप को स्वीकार किया।
असांजे ने संवेदनशील जानकारी को किया था उजागर
असांजे द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने को न्यायाधीश द्वारा अनुमोदित किया गया। इसी के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सनसनी पैदा करने वाले इस आपराधिक मामले का निपटारा हो गया। प्रेस की स्वतंत्रता के कई समर्थकों का मानना है कि असांजे ने अमेरिकी सेना के गलत कार्यों को उजागर करने के लिए गोपनीय दस्तावेज साझा कर पत्रकार के रूप में अपना दायित्व निभाया। दूसरी ओर, जांचकर्ताओं का कहना है कि असांजे के कदमों ने देश की संवेदनशील जानकारी की रक्षा के लिए बनाए गए कानूनों को तोड़ा और देश की सुरक्षा को खतरे में डाला। असांजे ने स्थानीय समयानुसार बुधवार सुबह दोष स्वीकार किया । अब उनके ऑस्ट्रेलिया लौटने की संभावना है। इस मामले की सुनवाई मारियाना द्वीप में हुई क्योंकि असांजे ने महाद्वीपीय अमेरिका जाने की अनिच्छा जताई थी और मारियाना द्वीप की अदालत ऑस्ट्रेलिया के निकट है।
