मध्य पूर्व संकट ने यहां के सबसे अहम होर्मुज जलडमरूमध्य को जकड़ रखा है और दुनिया भर में हाहाकार मचा हुआ है। ईरान ने इस जलमार्ग पर शिकंजा कस दिया है जिसे जहाजों का निकलना मुश्किल हो चुका है। लेकिन ऐसे वक्त पर भी होर्मुज में "भूतिया जहाजों" की बढ़ती संख्या हैरत पैदा कर रही है। इन दिनों एक ऐसा ही जहाज होर्मुज से गुजरा है जिसने कई नए कयासों को जन्म दिया है। जहाज ट्रैकिंग डेटा से पता चला है कि सोमवार को होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने के बाद नबीन (Nabiin) नाम का एक जहाज फारस की खाड़ी से निकलकर ओमान की खाड़ी में प्रवेश कर रहा था। लेकिन इसमें एक पेंच है जिसे सुनकर आप भी हैरान होंगे। रिकॉर्ड बताते हैं कि 2002 में निर्मित अफ्रामैक्स टैंकर नबीन को लगभग पांच साल पहले बांग्लादेश में स्क्रैप कर दिया गया था।
होर्मुज में भूतिया जहाज (AI Image)
यह कुछ ही दिनों में इस तरह की दूसरी घटना है। ब्लूमबर्ग के अनुसार, एक अन्य जहाज, जो खुद को एलएनजी वाहक 'जमाल' बता रहा था और इसे कथित तौर पर पिछले साल एक भारतीय जहाज तोड़ने वाले यार्ड में नष्ट कर दिया गया था। इसे भी पिछले सप्ताह होर्मुज पार करते हुए ट्रैक किया गया था।
ये 'भूतिया' जहाज कौन से हैं और कहां जा रहे हैं?
दरअसल, ये तथाकथित भूतिया या जोंबी जहाज ऐसे पोत हैं जो निष्क्रिय या कबाड़ हो चुके जहाजों की पहचान अपनाकर नकली AIS (स्वचालित पहचान प्रणाली) सिग्नल प्रसारित करते हैं या झूठे झंडे या स्वामित्व संरचनाओं के तहत काम करते हैं। सरल शब्दों में कहें तो, ये असल जहाज हैं जो अपनी पहचान और अपने साथ ले जा रहे सामान को छिपाने के लिए 'मृत जहाजों' यानी नष्ट कर चुके जहाजों की पहचान का इस्तेमाल कर रहे हैं।
युद्ध छिड़ने से कुछ घंटे पहले ही होर्मुज में दाखिल हुआ था नबीन
ब्लूमबर्ग के अनुसार, जहाज ट्रैकिंग डेटा से पता चलता है कि 'नबीन' नाम का जहाज कथित तौर पर युद्ध शुरू होने से कुछ घंटे पहले फारस की खाड़ी में दाखिल हुआ था और उसने इराक के खोर अल जुबैर को अपना गंतव्य बताया था। भारी इलेक्ट्रॉनिक बाधाओं के कारण जहाजों के ट्रांसमिशन सिग्नल बाधित होने की वजह से जहाज के सटीक मूवमेंट का पता नहीं चल पाया है। रविवार को खाड़ी से निकलने के बाद, ड्राफ्ट रीडिंग के आधार पर जहाज ने संकेत दिया कि वह पूरी तरह से भरा हुआ था और उसका कोई निश्चित गंतव्य नहीं था।
ट्रंप के अल्टीमेटम के बीच होर्मुज में आवाजाही
यह घटना ऐसे समय में घटी है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए दो दिन की समय सीमा दी है, अन्यथा उसके बिजली संयंत्रों पर बमबारी का खतरा होगा। तेहरान ने कहा है कि हमले होने पर वह होर्मुज को पूरी तरह से बंद कर देगा। तनाव के बीच, नबीन और जमाल के मामले यह दिखाते हैं कि जहाज मालिक होर्मुज जलडमरूमध्य से माल ढुलाई के लिए कितनी हद तक जाने को तैयार हैं, जो फरवरी के अंत में मध्य पूर्व संघर्ष बढ़ने के बाद से प्रभावी रूप से बंद है।
अब तक, जो जहाज गुजरने में कामयाब रहे हैं, उनमें से अधिकांश का ईरान से संबंध नजर आता है, या माना जाता है कि उन्हें तेहरान से मंजूरी मिली है। कुछ लोग इससे भी ज्यादा जोखिम भरे कदम उठा रहे हैं, जैसे कि अपने ट्रैकिंग सिस्टम को बंद कर देना, जिससे अधिकारियों के लिए उनकी गतिविधियों पर नजर रखना मुश्किल हो जाता है।
