Russia Ukraine War: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उनके फ्रांसीसी समकक्ष इमैनुएल मैक्रों ने मंगलवार को पश्चिम एशिया में स्थिति पर चर्चा की। उनकी यह बातचीत ईरान के परमाणु प्रतिष्ठानों पर अमेरिकी हमले के बाद हुई है। पुतिन और मैक्रों के बीच लगभग तीन साल बाद फोन पर बात हुई है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (बाएं) और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों (दाएं) (फाइल फोटो)
क्रेमलिन ने क्या कुछ कहा?
क्रेमलिन प्रेस कार्यालय ने बताया कि बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्यों के रूप में पश्चिम एशिया में स्थिरता बनाए रखने की अपनी जिम्मेदारी पर जोर दिया। इसमें कहा गया कि दोनों नेताओं ने ईरान के असैन्य परमाणु अनुसंधान के अधिकार को रेखांकित किया।
यूक्रेन में स्थिति पर चर्चा करते हुए पुतिन ने फ्रांसीसी राष्ट्रपति से कहा कि पश्चिम ने मॉस्को के हितों की अनदेखी करके तथा उस देश में रूस के विरुद्ध मोर्चा बनाकर यूक्रेन में संघर्ष को बढ़ावा दिया है।
रूसी संयंत्र पर यूक्रेन ने बरपाया कहर
इससे पूर्व यूक्रेन ने देश से लगभग 1,300 किलोमीटर दूर एक रूसी औद्योगिक संयंत्र पर ड्रोन से हमला किया है। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने हथियारों के विकास को प्राथमिकता दी है और रूस ने जून में यूक्रेन पर रिकार्ड संख्या में ड्रोन हमले किए हैं।
रूस द्वारा फरवरी 2022 में पड़ोसी देश यूक्रेन पर आक्रमण किये जाने के बाद तीन साल से अधिक समय से जारी युद्ध में दोनों पक्षों के बीच ड्रोन प्रौद्योगिकी को बेहतर बनाने और युद्ध के मैदान में उनका उपयोग बढ़ाने की होड़ लगी हुई है। दोनों देशों ने परिष्कृत और घातक ड्रोन तैनात किए हैं, जिससे युद्ध नये हथियारों के लिए परीक्षण का मैदान बन गया है।
