Marco Rubio Extends R-Day Greeting to India: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने गणतंत्र दिवस पर भारत को शुभकामनाएं देते हुए रक्षा एवं अन्य मोर्चों पर दोनों देशों के बीच क्वाड सहयोग की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिजों और क्वाड के माध्यम से हिंद-प्रशांत क्षेत्र में घनिष्ठ सहयोग के जरिए अमेरिका-भारत संबंध दोनों देशों के लिए वास्तविक नतीजे प्रदान करते हैं। रुबियो ने 26 जनवरी को मनाए जाने वाले भारत के गणतंत्र दिवस पर विशेष संदेश दिया।
मार्को रुबियो ने भारत को दी गणतंत्र दिवस की बधाई
QUAD कनेक्शन को बताया खास
रविवार को रुबियो ने कहा, संयुक्त राज्य अमेरिका की जनता की ओर से, मैं भारत की जनता को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई देता हूं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया, भारत, जापान और अमेरिका के समूह का जिक्र करते हुए कहा, संयुक्त राज्य अमेरिका और भारत एक ऐतिहासिक बंधन साझा करते हैं। रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिजों और उभरती प्रौद्योगिकियों में हमारे घनिष्ठ सहयोग से लेकर क्वाड के माध्यम से हमारी बहुआयामी भागीदारी तक, अमेरिका-भारत संबंध हमारे दोनों देशों और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए वास्तविक परिणाम प्रदान करते हैं।
साझा उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए तत्पर
रुबियो ने कहा कि वे भारत के साथ मिलकर आगामी वर्ष में अपने साझा उद्देश्यों को आगे बढ़ाने के लिए तत्पर हैं। दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के ब्यूरो ने भी इस अवसर पर भारत को बधाई दी। एजेंसी ने X पर एक पोस्ट में कहा, गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं, भारत! अमेरिका भारत के संविधान को अपनाने का जश्न मनाने में भारत की जनता के साथ है और हम यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि दुनिया के दो सबसे बड़े और जीवंत लोकतंत्र आगामी वर्ष में मिलकर क्या हासिल करेंगे।
आज 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा देश
बता दें कि आज देश पूरे उत्साह, गर्व और राष्ट्रभक्ति के माहौल में आज 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर होने वाली भव्य परेड इसकी सबसे बड़ी झलक होगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस ऐतिहासिक समारोह का नेतृत्व करेंगी। परेड की शुरुआत पूर्वाह्न 10:30 बजे होगी और यह करीब 90 मिनट तक चलेगी। इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह का मुख्य थीम ‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष’ रखा गया है, जो देश की आजादी, एकता और राष्ट्रीय चेतना को समर्पित है।
