Pete Hegseth: ईरान युद्ध के बीच अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने दावा किया है कि अमेरिका ने ईरान की सैन्य शक्ति को पूरी तरह तबाह कर देने का वादा किया है। हेगसेथ ने कहा कि आने वाले दिन निर्णायक होंगे। ईरान यह जानता है, और सैन्य रूप से वे इसके खिलाफ लगभग कुछ नहीं कर सकते। हां, वे कुछ मिसाइलें दागेंगे, लेकिन हम उन्हें मार गिराएंगे। गौरतलब है कि पिछले 24 घंटों में ईरान द्वारा दागी गई दुश्मन मिसाइलों और ड्रोनों की संख्या सबसे कम रही है।
अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ।
हम उन्हें ढूंढ निकालेंगे...
हेगसेथ ने कहा कि वे भूमिगत हो जाएंगे, लेकिन हम उन्हें ढूंढ निकालेंगे। हमने हाल ही में उनके एक और कमांड बंकर को नष्ट कर दिया है। नेताओं को भागने पर मजबूर होना पड़ा है। पानी नहीं, बिजली नहीं, ऑक्सीजन नहीं, कमांड और कंट्रोल नहीं। अपनी गुफाओं पर उनका भरोसा कम होता जा रहा है। हमारे हमलों से ईरानी सेना का मनोबल गिर रहा है, जिससे बड़े पैमाने पर भगदड़ मच रही है, प्रमुख कर्मियों की कमी हो रही है और वरिष्ठ नेताओं में निराशा फैल रही है।
200 डायनेमिक अटैक किए
हेगसेथ ने कहा कि सिर्फ कल रात ही हमने अकेले 200 डायनेमिक अटैक किए हैं। डायनेमिक अटैक वह हमला होता है जिसमें पायलट उड़ान भरता है और अपनी उड़ान के दौरान उसे रियल टाइम की खुफिया जानकारी के आधार पर एक नया लक्ष्य, एक नया लॉन्चर, एक नया स्थान, एक नई सैन्य टुकड़ी मिलती है। एक डायनेमिक टारगेट वह होता है जो बेहतर स्थिति के कारण हवा में रहते हुए बदलता रहता है।
अगर ईरान समझदार है, तो....
पीट हेगसेथ ने कहा, अगर ईरान समझदार है, तो वह समझौता कर लेगा। राष्ट्रपति ट्रंप न तो झूठ बोलते और न ही पीछे हटते हैं। आप इस बारे में खोमेनी से पूछ सकते हैं। नए ईरानी शासन को अब तक यह बात पता होनी चाहिए। सत्ता परिवर्तन के कारण यह नया शासन पिछले शासन से अधिक समझदार होना चाहिए। राष्ट्रपति ट्रंप वही समझौता करेंगे जो वे करना चाहेंगे। अगर ईरान तैयार नहीं है, तो अमेरिकी युद्ध विभाग और भी अधिक सख्ती से कार्रवाई करेगा।
