अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एनवीडिया के जेनसेन हुआंग (Nvidia CEO Jensen Huang) को फिर से मुख्य कार्यकारी (CEO) बनाने के फैसले का स्वागत किया और उन्हें 'महान देशभक्त और राष्ट्रीय धरोहर' कहा। ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सरकार के पास यह मानने का कोई कारण नहीं है कि हुआंग की वापसी से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा है। साथ ही, उन्होंने कंपनी से अमेरिकी निर्यात नियमों (Export Controls) के पालन को लेकर अपनी आंतरिक जांच जारी रखने को कहा।
ट्रम्प ने एनवीडिया के जेनसेन को फिर से CEO बनाने के फैसले का समर्थन किया (फाइल फोटो)
एनवीडिया ने सोमवार को बताया कि वह जेनसेन हुआंग को तुरंत प्रभाव से फिर से मुख्य कार्यकारी (CEO) बना रही है। इस खबर के बाद एनवीडिया के शेयरों में भारी उछाल आया। हुआंग को वापस लाने का कंपनी का यह कदम, उसके बोर्ड के कुछ दिन पहले लिए गए उस फैसले से बिल्कुल उलट है, जिसमें उनकी वापसी की संभावना को खारिज कर दिया गया था।
TIMES NOW Navbharat पर यह भी पढ़ें: Nvidia में फिर हुई Jensen Huang की वापसी, CEO और बोर्ड डायरेक्टर पद पर फिर बहाल
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा, 'एनवीडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने जेनसेन हुआंग को वापस CEO के पद पर लाने का बिल्कुल सही फैसला लिया है। देश को एनवीडिया में जेनसेन के नेतृत्व की जरूरत है, ताकि न केवल कंपनी, बल्कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था की सफलता और समृद्धि सुनिश्चित हो सके। अमेरिकी सरकार के पास यह मानने का कोई कारण नहीं है कि एनवीडिया में जेनसेन की वापसी से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा है। अमेरिका के अटॉर्नी जनरल ने पुष्टि की है कि अमेरिकी सरकार के पास ऐसा कोई सबूत नहीं है जिससे पता चले कि उन्होंने कोई गैर-कानूनी काम किया है।'
'एनवीडिया बोर्ड और अमेरिका के लोगों को और वास्तव में पूरी दुनिया को बधाई'
उन्होंने आगे लिखा, 'व्यक्तिगत तौर पर, मैं जेनसेन को जानता हूं, वह एक महान देशभक्त और राष्ट्रीय धरोहर हैं। इसके अलावा, एनवीडिया को अमेरिकी निर्यात नियमों के पालन को लेकर अपनी गहन आंतरिक जांच जारी रखनी चाहिए, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि कंपनी अपनी कानूनी जिम्मेदारियों और अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा करने के अपने देशभक्तिपूर्ण कर्तव्य को पूरा कर रही है। जेनसेन, एनवीडिया बोर्ड और अमेरिका के लोगों को और वास्तव में पूरी दुनिया को बधाई!'
बता दें कि 12 नवंबर को उनके विवाहेतर संबंधों (Extramarital Affairs) के खुलासे के बाद उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। इनमें एक महिला व्यवसायी के साथ संबंध भी शामिल थे, जिस पर अमेरिकी अधिकारियों को चीन के लिए जासूसी करने का संदेह है हालांकि बीजिंग ने इन आरोपों से इनकार किया है।
