Donald Trump Threatens Iran: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को ईरान को धमकी दी कि अगर वह मंगलवार रात तक समझौते पर सहमत नहीं हुआ तो वे चार घंटे के भीतर ईरान को पूरी तरह तबाह कर देंगे। उन्होंने बिजली संयंत्रों और पुलों पर हमले की स्थिति में संभावित युद्ध अपराधों के आरोपों को भी खारिज कर दिया। ट्रंप ने ईरान को पूरी तरह तबाह करने की धमकी दी। उनके साथ रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी ईरान को जमकर धमकाया।
ट्रंप ने ईरान को फिर धमकाया
ईरान के हर पुल को ध्वस्त कर दिया जाएगा, बोले ट्रंप
ट्रंप ने वाशिंगटन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, हमारे पास एक योजना है, हमारी सैन्य ताकतके दम पर, जिसके तहत ईरान के हर पुल को कल (मंगलवार) रात 12 बजे तक ध्वस्त कर दिया जाएगा, ईरान के हर बिजली संयंत्र को बंद कर दिया जाएगा, जला दिया जाएगा, विस्फोट कर दिया जाएगा और फिर कभी इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। मेरा मतलब है कि 12 बजे तक पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया जाएगा, और अगर हम चाहें तो यह चार घंटे के भीतर हो जाएगा।
रात 8 बजे तक समझौते के लिए कहा
उन्होंने ईरान से मंगलवार को पूर्वी समयानुसार रात 8 बजे तक अमेरिका के साथ समझौता करने और होर्मुज जलडमरूमध्य को तेल की निर्बाध आवाजाही के लिए खोलने को कहा। जब उनसे ईरान के पुलों और बिजली संयंत्रों पर अमेरिकी हमले की स्थिति में संभावित युद्ध अपराधों के आरोपों के बारे में पूछा गया, तो ट्रंप ने कहा: नहीं, बिल्कुल नहीं।
ईरान ने 45 दिन के युद्धविराम प्रस्ताव को खारिज किया
ट्रंप ने जोर देकर कहा कि ईरानी चाहते हैं कि वह और अधिक हमले करें और वे आजादी के लिए तकलीफ सहने को तैयार हैं। ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान समझौते पर सहमत हो जाता है तो अमेरिका देश के पुनर्निर्माण में भी मदद कर सकता है। हम उनके राष्ट्र के पुनर्निर्माण में भी शामिल हो सकते हैं। ईरान ने 45 दिन के युद्धविराम प्रस्ताव को खारिज कर दिया है और कहा है कि वह युद्ध का स्थायी अंत चाहता है।
अमेरिका ने ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने या नागरिक ठिकानों पर भीषण हमलों का सामना करने की धमकी दी है। अमेरिकी युद्ध सचिव पीट हेगसेथ ने कहा कि आज पहले दिन के बाद से सबसे अधिक हमले होंगे। हेगसेथ ने ट्रंप के साथ खड़े होकर कहा, कल तो आज से भी कहीं अधिक हमले होंगे। और फिर ईरान के पास विकल्प होगा। सोच-समझकर फैसला लें, क्योंकि यह राष्ट्रपति ढिलाई नहीं बरतते। आप सुलेमानी से पूछ सकते हैं, आप मादुरो से पूछ सकते हैं। आप खामेनेई से पूछ सकते हैं।
