न्यूयॉर्क/वाशिंगटन: भारत ने पहलगाम हमले पर जवाबी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान को उसकी हद याद दिला दी है। भारतीय सेना ने पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकानों पर हमले कर अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का रिएक्शन सामने आया है। ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच अगर वह कुछ मदद कर सके हैं, तो जरूर करेंगे। वह चाहते हैं कि दोनों देशों के बीच बढ़ता संघर्ष रुकना चाहिए। ट्रंप ने भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित 'युद्ध' पर एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि यह बहुत भयानक है। मेरी स्थिति यह है कि मैं दोनों को साथ लेकर काम करूं। मैं दोनों को बहुत अच्छी तरह से जानता हूं और मैं उन्हें इसे (तनाव को) हल करते हुए देखना चाहता हूं। मैं उन्हें रुकते हुए देखना चाहता हूं और उम्मीद है कि वे अब रुक सकते हैं। वे एक दूसरे के खिलाफ जैसे को तैसा वाला व्यवहार कर रहे हैं, इसलिए उम्मीद है कि वे अब रुक सकते हैं। मैं उन दोनों को जानता हूं, हम दोनों देशों के साथ बहुत अच्छे से मिलकर काम करते हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप
ट्रंप ने कहा कि दोनों के साथ अच्छे संबंध हैं और मैं इसे रुकते देखना चाहता हूं। और अगर मैं कुछ मदद कर सकता हूं तो मैं ज़रूर करूंगा। इससे पहले ट्रंप ने कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि शत्रुता बहुत जल्द समाप्त हो जाएगी। ट्रंप ने कहा कि हमने इसके बारे में तब सुना जब हम ओवल (अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय) जा रहे थे। मुझे लगता है कि लोगों को पता था कि अतीत में जो कुछ हुआ है उसके आधार पर कुछ होने वाला है।
ट्रंप ने कहा कि वे लंबे समय से लड़ रहे हैं। वास्तव में, अगर आप वास्तव में इसके बारे में सोचें तो वे कई दशकों और सदियों से लड़ रहे हैं। यह पूछे जाने पर कि क्या उनके पास दोनों देशों के लिए कोई संदेश है। उन्होंने कहा कि नहीं, मैं बस उम्मीद करता हूं कि यह बहुत जल्दी खत्म हो जाए।
बता दें कि 22 अप्रैल को पहलगाम की बैसरन घाटी पर आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों ने 6 और 7 मई की दरम्यानी रात पाकिस्तान और पीओके में नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। भारत ने जहां मिसाइल हमला किया, उनमें बहावलपुर भी शामिल है, जो जैश-ए-मोहम्मद आतंकी संगठन का गढ़ है। भारत ने 'ऑपरेशन सिंदूर' में जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों पर हमला किया, इसमें मसूद अजहर के परिवार के 10 लोगों की मौत पर मसूद की प्रतिक्रिया सामने आई है और उसका कहना है ' काश मैं भी मारा गया होता...' ऐसा मीडिया सूत्रों के हवाले से कहा जा रहा है।
