US Iran Peace Deal: पश्चिम एशिया में ऐतिहासिक शांति समझौते की तैयारी! राष्ट्रपति पेजेश्कियान का बड़ा बयान- हम परमाणु हथियार नहीं बना रहे

पश्चिम एशिया में शांति की ओर ऐतिहासिक कदम बढ़ाते हुए अमेरिका और ईरान के बीच 60 दिनों के सीजफायर समझौते का मसौदा अंतिम चरण में पहुंच गया है। राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने कहा कि ईरान दुनिया को आश्वस्त करने के लिए तैयार है कि वह परमाणु हथियार नहीं चाहता।

US Iran Peace Deal: पश्चिम एशिया में लंबे समय से जारी सैन्य तनाव और अनिश्चितता को समाप्त करने के लिए एक बेहद चौंकाने वाला और ऐतिहासिक मोड़ सामने आया है। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने रविवार को एक बड़ा बयान देते हुए कहा है कि ईरान अंतरराष्ट्रीय समुदाय को यह भरोसा दिलाने के लिए पूरी तरह तैयार है कि वह परमाणु हथियार बनाने की होड़ में नहीं है। इसी बीच अमेरिकी मीडिया ग्रुप 'एक्सियोस' (Axios) ने एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी के हवाले से सनसनीखेज दावा किया है कि अमेरिका और ईरान के बीच 60 दिनों के ऐतिहासिक सीजफायर का ज्ञापन अपने अंतिम चरण में है और दोनों देशों के मध्यस्थ किसी भी वक्त इसका आधिकारिक ऐलान कर सकते हैं।

Pezeshkian on US Iran Peace Deal

न्यूक्लियर हथियार पर दुनिया को भरोसा देने के लिए तैयार हुआ ईरान (फाइल)

हम परमाणु हथियार नहीं चाहते: राष्ट्रपति पेजेश्कियान

ईरानी सरकारी मीडिया 'प्रेस टीवी' के अनुसार, राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने 'इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग' (IRIB) के दौरे के दौरान राजनयिक और क्षेत्रीय स्थिरता को लेकर तेहरान की प्रतिबद्धता दोहराई। ईरानी राष्ट्रपति ने कहा "हम दुनिया को यह आश्वस्त करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं कि हम परमाणु हथियार नहीं तलाश रहे हैं और न ही हम इस क्षेत्र में किसी भी तरह की अशांति या अस्थिरता चाहते हैं। हमारा परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह से शांतिपूर्ण उद्देश्यों (जैसे ऊर्जा उत्पादन, चिकित्सा और वैज्ञानिक अनुसंधान) के लिए है, जो परमाणु अप्रसार संधि (NPT) के तहत हमारा संप्रभु अधिकार है।" इसके साथ ही पेजेश्कियान ने सीधे तौर पर इजराइल को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पश्चिम एशिया में अस्थिरता और युद्ध को जिंदा रखने के लिए ईरान नहीं, बल्कि "इ़जराइली शासन" जिम्मेदार है, जो शांति के हर मौके को बर्बाद करता है।

End of Feed