Lloyd Austin : अमेरिका के रक्षा मंत्री लॉयड जस्टिन ने कहा है कि यूक्रेन पर अपनी कार्रवाई में यदि रूस के राष्ट्रपति सफल हो जाते हैं तो वह यही नहीं रुकेंगे। रक्षा मंत्री ने कहा कि रूस से लड़ाई में उनका देश यूक्रेन का साथ देता रहेगा। यूक्रेन डिफेंस कॉन्टैक्ट ग्रूप की 20वीं बैठक को संबोदित करते हुए लॉयड ने कहा कि रूसी आक्रमण का सामना करने से न तो यूक्रेन पीछे नहीं हटेगा और न ही अमेरिका।
अमेरिकी रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन।
यूक्रेन में बफर जोन बनाएंगे-पुतिन
रूस के चुनाव में मिली बड़ी जीत के बाद पुतिन ने यूक्रेन पर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मॉस्को यूक्रेन में अपने आक्रमण से पीछे नहीं हटेगा और उसकी यूक्रेन के लंबी दूरी के और सीमा पार हमलों से रक्षा करने के लिए एक ‘बफर जोन’ बनाने की योजना है। पुतिन ने रविवार देर रात कहा, ‘हम जरूरी होने पर यूक्रेनी सरकार द्वारा नियंत्रित क्षेत्रों पर कुछ सुरक्षित क्षेत्र बनाने पर विचार करेंगे।’ पुतिन ने कहा कि इस ‘सुरक्षित क्षेत्र’ (बफर जोन) में दुश्मन के पास उपलब्ध विदेशी हथियारों का इस्तेमाल कर घुसना मुश्किल होगा।
राष्ट्रपति के रूप में पुतिन का 5वां कार्यकाल
रूस के केंद्रीय चुनाव आयोग ने सोमवार को कहा था कि देश में हुए राष्ट्रपति पद के चुनाव में व्लादिमीर पुतिन ने जीत दर्ज की है और उन्होंने रिकॉर्ड मत प्रतिशत के साथ राष्ट्रपति पद का पांचवां कार्यकाल हासिल किया है। पुतिन ने पश्चिमी देशों को यूक्रेन में सैन्य बलों को तैनात करने के खिलाफ एक बार फिर चेतावनी दी। उन्होंने आगाह किया कि रूस और नाटो के बीच एक संभावित संघर्ष से दुनिया तीसरे विश्व युद्ध से महज ‘एक कदम पीछे’रह जाएगी।
हम झांसे में नहीं आएंगे-पुतिन
गौरतलब है कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने हाल में कहा था कि यूक्रेन में पश्चिमी सेना भेजने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। कीव के साथ शांति वार्ता की संभावनाओं पर पुतिन ने दोहराया कि रूस बातचीत के लिए तैयार है लेकिन वह ऐसे युद्धविराम के झांसे में नहीं आएगा जिससे यूक्रेन को फिर से हथियारबंद होने में मदद मिले।
