दुनिया

जापानी हवाई अड्डे में अचानक फटा अमेरिकी बम; 80 से ज्यादा उड़ानें हुईं रद्द

Japanese Airport Blast: द्वितीय विश्व युद्ध के समय का एक अमेरिकी बम जापान के एक हवाई अड्डे में अचानक फटने की वजह से अफरातफरी मच गई। धमाके की वजह से ‘टैक्सीवे’ में बड़ा गड्ढा हो गया जिसकी वजह से 80 से उड़ानों को रद्द कर दिया गया। भूमि एवं परिवहन मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण-पश्चिमी जापान के मियाज़ाकी हवाई अड्डे पर अचानक धमाका हुआ।

Image

जापानी एयरपोर्ट पर धमाका

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • धमाके की वजह से ‘टैक्सीवे’ में हो गया बड़ा गड्ढा।
  • किसी के हताहत होने की खबर नहीं।
  • मामले की छानबीन में जुटी पुलिस।

Japanese Airport Blast: द्वितीय विश्व युद्ध के समय का एक अमेरिकी बम एक जापानी हवाई अड्डे पर दफन था, लेकिन बुधवार को उसमें विस्फोट हो गया, जिससे ‘टैक्सीवे’ में बड़ा गड्ढा हो गया और 80 से अधिक उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। हालांकि, किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

क्या है पूरा मामला?

भूमि एवं परिवहन मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण-पश्चिमी जापान के मियाज़ाकी हवाई अड्डे पर जब बम विस्फोट हुआ, तब वहां कोई विमान नहीं था। अधिकारियों ने बताया कि आत्मरक्षा बलों और पुलिस द्वारा की गई जांच से पुष्टि हुई है कि विस्फोट 500 पाउंड के अमेरिकी बम से हुआ था और अब कोई खतरा नहीं है। वे यह पता लगा रहे हैं कि अचानक विस्फोट किस वजह से हुआ।

पास के एक एविएशन स्कूल द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो में विस्फोट से डामर के टुकड़े हवा में फव्वारे की तरह उछलते हुए दिखाई दिए। जापानी टेलीविज़न पर प्रसारित वीडियो में ‘टैक्सीवे’ में एक गहरा गड्ढा दिखाई दिया।

80 से ज्यादा उड़ानें हुईं रद्द

मुख्य कैबिनेट सचिव योशिमासा हयाशी ने कहा कि हवाई अड्डे पर 80 से ज्यादा उड़ानें रद्द कर दी गई हैं तथा उम्मीद है कि बृहस्पतिवार सुबह तक परिचालन फिर से शुरू हो जाएगा। रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि इस क्षेत्र में द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अमेरिकी सेना द्वारा गिराए गए कई बम बरामद हुए हैं, जो नहीं फटे हैं।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article