Israel Air Defence System: ईरान ने मंगलवार की रात इजरायल पर 200 से ज्यादा मिसाइलें दागी हैं। ईरान का ये हमला हिजबुल्ला नेताओं की हत्या के दो दिन बाद जवाबी हमले के तौर पर शुरू हुआ। हालांकि, इजरायल ने ईरान की ओर से दागी गईं ज्यादातर मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया है, लेकिन कुछ मिसाइलें इजरायल के भीतर दाखिल होने में कामयाब हुई हैं।
इजराइल ने कहा कि उसने कई मिसाइलों को नष्ट कर दिया है। इन हमलों से इजरायली को बचाने वाले आयरन डोम की खूब चर्चा हो रही है, लेकिन लंबी दूरी और तीव्र गति से लक्ष्य को निशाना बनाने वाली बैलिस्टिक मिसाइलों को नष्ट करने के लिए विभिन्न प्रकार के एयर डिफेंस सिस्टम की जरूरत होती है और ऐसे में इजरायल को आयरन डोम के साथ-साथ डेविड्स स्लिंग और एरो सिस्टम सुरक्षा मुहैया कराता है।
इजरायल के अभेद 'कवच'
इससे पहले अप्रैल में जब ईरान ने इजरायल पर सीधे हमला किया था तो आयरन डोम के साथ-साथ डेविड्स स्लिंग और एरो सिस्टम ने ढाल बनकर 300 से अधिक ड्रोन, बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों में से 99 फीसद को तबाह कर दिया था। डेविड्स स्लिंग और एरो 2 और 3 इजरायल के दो अन्य घरेलू एयर डिफेंस सिस्टम हैं, जो मध्यम दूरी और लंबी दूरी की बैलिस्टिक मिसाइलों को मार गिराने में सक्षम हैं।

बैलिस्टिक मिसाइल
डेविड्स स्लिंग एयर डिफेंस सिस्टम
डेविड्स स्लिंग मध्यम रेंज की मिसाइलों को नेस्तनाबूत करने में कारगर है। इजरायल का एयर डिफेंस सिस्टम तीन परतों पर आधारित है। जिसमें डेविड्स स्लिंग का योगदान बेहद अहम है। आयरन डोम कम रेंज की मिसाइलों को तो डेविड्स स्लिंग मध्यम रेंज की मिसाइलों को हवा में मार गिराता है।
इजरायली कंपनी राफेल और अमेरिकी कंपनी रेथियॉन द्वारा निर्मित डेविड्स स्लिंग को 2017 से इस्तेमाल किया जा रहा है। डेविड्स स्लिंग को 'जादू की छड़ी' भी कहा जाता है जिसकी रेंज 300 किमी बताई जाती है।
एरो एयर डिफेंस सिस्टम
एरो 2 और 3 इजरायल का उन्नत एयर डिफेंस सिस्टम है जिसकी रेंज 100 से 2400 किमी है, जो दुश्मनों की मिसाइलों को इजरायल के हवाईक्षेत्र में घुसने से पहले ही तबाह कर देता है। एरो 3 मिसाइल मैक 9 की गति से उड़ान भरने में सक्षम है।
