Vietnam Typhoon News: टाइफून बुआलोई (Typhoon Bualoi) एक खतरनाक तूफान में बदल गया, जिस कारण वियतनाम में भारी तबाही मची हुई है और इसमें कई लोगों की जान चली गई है। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि सोमवार सुबह ताइफून बुआलोई ने वियतनाम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और 21 लापता हो गए।
वियतनाम में तूफान ने मचाई तबाही। (Photo-AP)
पेड़, बिजली के खंभे उखड़े
उत्तर-मध्य वियतनाम के है टिन प्रांत में ताइफून के पहुंचने के बाद, बुआलोई ने है टिन, ने एन और निन्ह बिन प्रांतों में भारी तबाही मचाई। तूफान कई घरों की छतें ले उड़ा। पेड़ और बिजली के खंभे सब उखड़ गए।
सोमवार रात तक भी तूफान से प्रभावित कई इलाकों में बिजली और इंटरनेट सेवाएं बहाल नहीं हो पाई थीं, जिससे राहत कार्य में मुश्किलें आईं।
सड़कें जलमग्न
सरकारी मीडिया के अनुसार, तूफान की तेज हवाओं और भारी बारिश से वियतनाम के मध्य क्षेत्र में सड़कें जलमग्न हो गईं। कई घरों को भारी नुकसान हुआ। जहां बाद में यह तूफान कमजोर हुआ और लाओस पहुंचा। तूफान ने कई इलाकों में भारी तबाही मचाई, घरों, स्कूलों और बिजली के खंभों को नुकसान पहुंचाया, अस्थायी पुल उखाड़ दिए और कई प्रांतों में सड़कें और पुल जलमग्न हो गए। शहरों में बाढ़ से गाड़ियां डूब गईं और कई पहाड़ी इलाकों से संपर्क कट गया।
राज्य मीडिया के अनुसार, रविवार देर रात तूफान के तट से टकराने से पहले 347,000 से अधिक घरों में बिजली गुल हो गई थी। तेज हवाओं ने राजमार्गों के किनारे घरों की धातु की छतें उड़ा दीं और कंक्रीट के खंभे भी गिरा दिए।
फिलीपींस में गई कई लोगों की जान
अधिकारियों ने बताया कि बुआलोई तूफान ने शुक्रवार से फिलीपींस में कम से कम 20 लोगों की जान ले ली, जिनमें से ज्यादातर लोग डूबने और पेड़ गिरने से मारे गए। इसके अलावा कई शहरों और कस्बों में बिजली भी गुल हो गई। इस तूफान की वजह से लगभग 23,000 परिवारों को 1,400 से अधिक आपातकालीन आश्रयों में सुरक्षित स्थानों पर ले जाना पड़ा।
