दुनिया

पुतिन को मनाने में कामयाब रहे ट्रंप; यूक्रेन युद्ध का निकाला समाधान! ऊर्जा ठिकानों पर नहीं करेंगे हमला

Russia Ukraine War: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने की दिशा में पहले कदम के रूप में मंगलवार को फोन पर हुई बातचीत के दौरान ऊर्जा और बुनियादी ढांचे के लक्ष्यों के खिलाफ सीमित युद्ध विराम पर सहमत हुए। क्रेमलिन के मुताबिक, पुतिन ने ट्रंप को यह भी बताया कि रूस और यूक्रेन बुधवार को 175-175 युद्धबंदियों की अदला-बदली करेंगे।

Image

ट्रंप पुतिन वार्ता

Photo : AP

Russia Ukraine War: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने की दिशा में पहले कदम के रूप में मंगलवार को फोन पर हुई बातचीत के दौरान ऊर्जा और बुनियादी ढांचे के लक्ष्यों के खिलाफ सीमित युद्ध विराम पर सहमत हुए। रूसी नेता ने हालांकि लड़ाई में 30 दिन के व्यापक युद्धविराम का समर्थन करने से मना कर दिया, जिस पर अमेरिकी प्रशासन जोर दे रहा है।

व्हाइट हाउस ने क्या कुछ कहा?

व्हाइट हाउस ने इस सीमित युद्ध विराम को ‘शांति की दिशा में पहला कदम’ करार दिया और उम्मीद जताई कि इससे अंततः काला सागर में समुद्री युद्ध विराम होगा और जंग पर स्थायी रूप से विराम लगेगा। व्हाइट हाउस ने कहा कि पश्चिम एशिया में इन कदमों पर बातचीत ‘‘तुरंत शुरू होगी"। ट्रंप और पुतिन के बीच बातचीत के तुरंत बाद, कीव में हवाई हमले की चेतावनी दी गई, जिसके बाद शहर में विस्फोट हुए। स्थानीय अधिकारियों ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर आश्रय लेने का आग्रह किया।

क्या युद्ध विराम चाहता है यूक्रेन?

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि यूक्रेन इस चरणबद्ध युद्ध विराम योजना में साथ है या नहीं। यूक्रेनी अधिकारियों ने इस महीने की शुरुआत में सऊदी अरब में अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ अपनी बैठक में काला सागर और लंबी दूरी के मिसाइल हमलों तथा कैदियों की रिहाई को शामिल करते हुए युद्ध विराम का प्रस्ताव रखा था।

ट्रंप ने पुतिन के साथ बातचीत के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “हम सभी ऊर्जा और बुनियादी ढांचों पर तत्काल युद्ध विराम के लिए सहमत हुए हैं। हम पूर्ण युद्ध विराम के लिए तेजी से काम करेंगे और अंततः रूस व यूक्रेन के बीच इस बेहद भयानक युद्ध को समाप्त करेंगे।”

पुतिन का ट्रंप को दो टूक जवाब

वहीं, रूस के राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन के मुताबिक, पुतिन ने बातचीत के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप से कहा कि युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिका और उसके सहयोगियों को यूक्रेन को सैन्य व खुफिया सहायता देना बंद करना होगा।

युद्ध बंदियों की अदल-बदली की शर्त

क्रेमलिन ने कहा कि पुतिन ने समुद्री युद्ध विराम के लिए ट्रंप के आह्वान का स्वागत किया और इस तरह के समझौते के विशिष्ट विवरणों पर आगे काम करने के लिए बातचीत शुरू करने पर सहमति व्यक्त की। क्रेमलिन के मुताबिक, पुतिन ने ट्रंप को यह भी बताया कि रूस और यूक्रेन बुधवार को 175-175 युद्धबंदियों की अदला-बदली करेंगे तथा रूस 23 बुरी तरह से घायल सैनिक भी यूक्रेन को सौंपेगा।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article