Sunita Williams Return: व्हाइट हाउस ने स्पेस स्टेशन में 9 माह से फंसे अंतरिक्ष यात्रियों का पृथ्वी पर स्वागत किया और कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नौ महीने तक अंतरिक्ष में फंसे लोगों को बचाने का संकल्प लिया था और उन्होंने अपना वादा पूरा किया। बता दें कि अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) की अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स धरती पर लौट आई हैं। स्पेसएक्स के ड्रैगन कैप्सूल की भारतीय समयानुसार, 3:27 बजे फ्लोरिडा के तट पर लैंडिंग हुई।
व्हाइट हाउस ने क्या कुछ कहा?
व्हाइट हाउस ने 'एक्स' पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा, ''वादा किया गया, वादा निभाया गया: राष्ट्रपति ट्रंप ने नौ महीने से अंतरिक्ष में फंसे अंतरिक्ष यात्रियों को बचाने का वचन दिया। आज वे सुरक्षित ढंग से अमेरिका की खाड़ी में उतर गए।" साथ ही व्हाइट हाउस ने अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षित लैंडिंग के लिए एलन मस्क, स्पेसएक्स और नासा को धन्यवाद कहा।
डोनाल्ड ट्रंप ने अंतरिक्ष यात्रियों की वापसी के पलों को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर शेयर किया। हालांकि, उन्होंने कैप्शन में कुछ भी नहीं लिखा।
अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षित वापसी
सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर सहित चार अंतरिक्ष यात्री स्पेसएक्स के ड्रैगन कैप्सूल की मदद से पृथ्वी पर लौटे। 8 दिन के मिशन पर रवाना हुईं सुनीता विलियम्स की नौ माह तक अंतरिक्ष में फंसी रही हैं। इस दौरान उनके सहयोगी बुच विल्मोर भी उनके साथ थे। हालांकि, भारतीय समयानुसार, बुधवार 3:37 बजे उनकी सुरक्षित वापसी के बाद भारत सहित दुनिया भर के लोग जश्न मना रहे हैं।
