फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित होने वाले आसियान (ASEAN) शिखर सम्मेलन के इतर दुनिया की निगाहें एक और बेहद महत्वपूर्ण कूटनीतिक बैठक पर टिकी हैं। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अन्य 'क्वाड' (Quad) देशों के शीर्ष नेता मंगलवार (17 नवंबर) को मनीला में एक उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। यह बैठक ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति बनने के बाद पहली क्वाड लीडर्स समिट होगी, जो भू-राजनीतिक लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है।
मनीला में QUAD नेताओं की हो सकती है अहम बैठक
समुद्री सुरक्षा और व्यापारिक मार्ग
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने पिछले महीने ही इस बैठक के मनीला में होने के संकेत दिए थे। AP की रिपोर्ट्स के मुताबिक, बैठक का मुख्य फोकस दुनिया भर में ऊर्जा आपूर्ति सुरक्षित करने के लिए स्वतंत्र, खुले और निर्बाध वाणिज्यिक समुद्री मार्गों को सुनिश्चित करना होगा। वैश्विक स्तर पर कमर्शियल जहाजों पर हो रहे हमलों और सुरक्षा चुनौतियों पर भी गंभीर चर्चा होने की उम्मीद है। आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करने और क्रिटिकल मिनरल्स की सप्लाई पर भी विशेष बातचीत हो सकती है।
आखिरी बार कब हुई थी समिट?
क्वाड नेताओं की आखिरी औपचारिक बैठक सितंबर 2024 में अमेरिका के डेलावेयर (डेलवेयर) में हुई थी, जहां इंडो-पैसिफिक क्षेत्र को मुक्त, खुला और सुरक्षित रखने के संकल्प को दोहराया गया था। यह शिखर सम्मेलन अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के कार्यकाल का अंतिम क्वाड शिखर सम्मेलन था, जिसे उन्होंने अपने गृह नगर विलमिंगटन, डेलवेयर (Wilmington, Delaware) में आयोजित किया था। इस ऐतिहासिक बैठक में चारों क्वाड देशों के प्रमुखों ने हिस्सा लिया था:
- जो बाइडेन (तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति - मेजबान)
- नरेंद्र मोदी (भारत के प्रधानमंत्री)
- फुमियो किशिदा (तत्कालीन जापान के प्रधानमंत्री)
- एंथनी अल्बानीज (ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री)
रणनीतिक महत्व और आगे का सफर
भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया का यह चार-देशीय समूह (Quad) मुख्य रूप से इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव को संतुलित करने के लिए जाना जाता है। मनीला में आसियान सम्मेलनों के समापन के ठीक बाद होने वाली यह बैठक इसलिए भी खास है, क्योंकि इसके तुरंत बाद सभी नेता एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (APEC) समिट के लिए चीन के शेन्जेन (Shenzhen) रवाना होंगे, जहां अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के व्लादिमीर पुतिन के साथ ऐतिहासिक मुलाकातों की भी चर्चा है।
