Mojtaba Khamenei: ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामनेई क्या सार्वजनिक रूप से नजर आने वाले हैं? यह सवाल इसलिए क्योंकि ईरान की अर्ध सरकारी न्यूज एजेंसी तसनीम ने कहा है कि शनिवार को दिवंगत सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामनेई की याद में एक श्रद्धांजलि सभा आयोजित होगी और इस कार्यक्रम की अगुवाई दिवंगत सुप्रीम लीडर के बेटे और उनके उत्तराधिकारी मोजतबा खामनेई करेंगे। बीते 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर की मौत हो गई। उनके पार्थिव शरीर को 9 जुलाई को ईरान के मशहद शहर में दफना दिया गया। इस रिपोर्ट के बाद मोजतबा के सामने आने के बारे में अटकलें लगने लगी हैं।
ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामनेई।
28 फरवरी के बाद सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आए मोजतबा
28 फरवरी को हुए हमले में खामनेई, उनके परिवार के लोग, वरिष्ठ सैन्य कमांडर एवं पदाधिकारी मारे गए। बताया जाता है कि इस हमले में मोजतबा बाल-बाल बच गए। कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया कि हमले में उनके पैर और पेट में चोटें आईं। कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया कि वह कोमा में हैं और उनका इलाज किया जा रहा है। हालांकि, बीच-बीच में आईआरजीसी की तरफ से उनका बयान जारी होता रहा है लेकिन वह कभी सार्वजनिक रूप से नहीं दिखे। इससे उनके होने या न होने के बारे में भी अटकलें लगीं।
गत मार्च में बने देश के नए सुप्रीम लीडर
मोजतबा अपने पिता अयातुल्ला अल खामनेई के छह दिन तक चले अंतिम संस्कार कार्यक्रम के दौरान भी वह नजर नहीं आए। बताया जाता है कि ऐसा सुरक्षा वजहों के चलते हुआ। दरअसल, मोजतबा इजराइल के निशाने पर हैं। इजराइल पहले ही कह चुका है कि ईरान के नए सुप्रीम लीडर को मार गिराएगा, चाहे वह कोई भी हो। मोजतबा को उनके पिता की मौत के एक सप्ताह बाद देश का नया सुप्रीम लीडर बनाया गया।
खामेनेई ने करीब 37 वर्ष तक ईरान पर शासन किया
खामेनेई को शुक्रवार तड़के सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। खामेनेई ने करीब 37 वर्ष तक ईरान पर शासन किया। उनकी अमेरिका और इजराइल के हवाई हमलों में 28 फरवरी को मौत हो गई थी। इन्हीं हमलों के साथ ईरान युद्ध की शुरुआत हुई थी। कई दिनों के सार्वजनिक शोक के बाद उन्हें शुक्रवार तड़के उनके गृहनगर मशहद में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। खामेनेई देश के दूसरे ऐसे शासक हैं जिन्हें मशहद शहर में दफनाया गया। इससे पहले 1747 में नादिर शाह को इसी शहर में दफनाया गया था। करीब 11 वर्ष तक सत्ता में रहे नादिर शाह की 1747 में हत्या कर दी गई थी।
कई शहरों से निकली खामनेई की अंतिम यात्रा
अयातुल्ला अली खामेनेई की अंतिम यात्रा शनिवार को शुरू हुई। इस दौरान अधिकारियों ने ईरान की राजधानी तेहरान और अन्य शहरों में सड़कों, हवाई क्षेत्र और अन्य गतिविधियों को बंद कर दिया था। बड़ी संख्या में लोग उस नेता को श्रद्धांजलि देने के लिए उमड़े, जिसने दशकों तक कड़े नियंत्रण के साथ ईरान का नेतृत्व किया और पश्चिमी देशों का सामना किया।
