COVID-19 Alert: वायरस संक्रमण को लेकर दुनिया एक बार फिर सतर्क हो रही है। सिंगापुर और इंडोनेशिया में सरकार ने लोगों से हवाई अड्डे पर फिर से मास्क पहनने का आग्रह किया गया है, साथ ही यहां तापमान स्कैनर भी लगाया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, सरकारें कई प्रकार के वायरस जैसे कि कोविड वेरिएंट, फ्लू, निमोनिया पर नजर रख रही हैं। कोविड-19 जैसे संक्रमण के तेजी से फैलने के कारण दक्षिण पूर्व एशिया की सरकारों ने इसे नियंत्रित करने के लिए अभी से कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। लोगों से एयरपोर्ट पर फिर से मास्क पहनने का आग्रह किया गया है।
कोरोना वायरस को लेकर अलर्ट (File photo)
सिंगापुर ने इन दो वायरस के बढ़ रहे मामले
सिंगापुर के स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट में मामलों में बढ़ोतरी के कारण बताए हैं। इसमें कहा गया है कि लोगों की प्रतिरोधक क्षमता में कमी और साल के अंत में यात्रा और त्योहारी सीजन के दौरान यात्रा और सामुदायिक संपर्क में बढ़ोतरी शामिल है। JN.1 से संक्रमित मामले BA.2.86 का एक उपवंश है जो मौजूदा समय में सिंगापुर में 60 प्रतिशत से अधिक COVID-19 मामलों के लिए जिम्मेदार हैं। BA.2.86 और इसके उपवंश को विश्व स्वास्थ्य संगठन ने 21 नवंबर 2023 नजर रखने योग्य वायरस के रूप में वर्गीकृत किया है। अभी वैश्विक या स्थानीय स्तर पर कोई संकेत नहीं है कि BA.2.86 या JN.1 अन्य वेरिएंट की तुलना में अधिक संक्रामक हैं या अधिक गंभीर बीमारी का कारण बन सकते हैं।
इंडोनेशिया में भी एडवाइजरी जारी
वहीं, इंडोनेशिया के स्वास्थ्य मंत्रालय ने भी अपने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे उन जगहों में अपनी यात्रा की योजना को रोक दें जहां कोविड-19 मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मंत्रालय ने कहा कि अपना दो-खुराक टीकाकरण पूरा करें, मास्क पहनें और अपने हाथ धोएं, अगर बीमार पड़ें तो घर पर रहें। मलेशिया में एक सप्ताह में कोविड के मामले लगभग दोगुने हो गए हैं, जो पिछले सप्ताह के 3,626 से बढ़कर 2 दिसंबर को समाप्त सप्ताह में 6,796 हो गए हैं। एससीएमपी रिपोर्ट के अनुसार, मलेशियाई अधिकारियों ने कहा है कि स्थिति नियंत्रण में है और स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को किसी तरह की दिक्कत नहीं है।
सीमा चौकियों पर थर्मल स्कैनर लगाए
स्ट्रेट्स टाइम्स अखबार के मुताबिक, इंडोनेशियाई अधिकारियों ने कुछ सीमा चौकियों पर थर्मल स्कैनर फिर से लगाए हैं। बाटम फेरी टर्मिनल और जकार्ता का मुख्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा इनमें से एक हैं। यह लोगों के बीच एक डर पैदा कर रहा है क्योंकि जनता सख्त उपायों की वापसी के प्रति अत्यधिक संवेदनशील है। लोग एशिया में फैली इस महामारी को भूले नहीं हैं जब कोरोना वायरस ने हाहाकार मचाया था और दुनिया के अन्य हिस्सों की तुलना में यह एशिया में बहुत लंबे समय तक चला था।
