रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म कराने के लिए दोनों पक्षों के संपर्क में भारत, जयशंकर बोले- बातचीत से निकलेगा समाधान

जयशंकर ने कहा कि यूक्रेन में चल रहा युद्ध पांचवें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और यह मौजूदा समय की प्रमुख वैश्विक एवं क्षेत्रीय चुनौतियों में शामिल है। युद्ध समाप्त कराने में भारत की भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर जयशंकर ने कहा कि नई दिल्ली लगातार रूस और यूक्रेन, दोनों पक्षों के संपर्क में है।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को कहा कि भारत रूस और यूक्रेन, दोनों के साथ लगातार संवाद बनाए हुए है। भारत का प्रयास है कि ऐसे विचार और सुझाव सामने लाए जा सकें, जो युद्ध की तीव्रता कम करने और अंततः संघर्ष को समाप्त करने की दिशा में मददगार साबित हों। यूक्रेन की राजधानी कीव की यात्रा पूरी करने के बाद जयशंकर शुक्रवार को वारसॉ पहुंचे। यहां उन्होंने पोलैंड के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री राडोस्लाव सिकोरस्की से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच वैश्विक और क्षेत्रीय चुनौतियों पर चर्चा हुई।

रूस-यूक्रेन जंग पर जयशंकर ने दिया बड़ा बयान।

रूस-यूक्रेन जंग पर जयशंकर ने दिया बड़ा बयान। (फोटो- pti)

यूक्रेन युद्ध पर पोलैंड से भी हुई चर्चा

वार्ता के बाद संयुक्त प्रेस वार्ता में जयशंकर ने कहा कि बैठक के दौरान आपूर्ति श्रृंखला को मजबूत करने, खाद्य सुरक्षा, ईंधन की उपलब्धता और उर्वरक सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर बातचीत हुई। इस दौरान उन्होंने यूक्रेन और रूस में चल रही जंग पर भी बात की। जयशंकर ने कहा कि यूक्रेन में चल रहा युद्ध पांचवें वर्ष में प्रवेश कर चुका है और यह मौजूदा समय की प्रमुख वैश्विक एवं क्षेत्रीय चुनौतियों में शामिल है।

रूस और यूक्रेन दोनों के संपर्क में भारत

युद्ध समाप्त कराने में भारत की भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर जयशंकर ने कहा कि नई दिल्ली लगातार रूस और यूक्रेन, दोनों पक्षों के संपर्क में है। उन्होंने कहा कि भारत यह समझने की कोशिश कर रहा है कि क्या ऐसे व्यावहारिक सुझाव या पहल विकसित की जा सकती हैं, जो तनाव कम करने में योगदान दें और आगे चलकर संघर्ष को समाप्त करने का रास्ता तैयार करें।

End of Feed