QUAD Meeting: भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को अमेरिका के अटलांटा में आयोजित क्वाड (QUAD) देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लिया। बैठक में भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान ने हिंद-प्रशांत क्षेत्र से जुड़ी साझा प्राथमिकताओं और आपसी सहयोग को आगे बढ़ाने पर चर्चा की।
अटलांटा में क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल हुए जयशंकर (फोटो साभार: @DrSJaishankar)
इस दौरान क्वाड देशों ने चीन की ओर इशारा करते हुए आर्थिक दबाव बनाने और मनमाने तरीके से निर्यात प्रतिबंध लगाने की रणनीतियों पर गंभीर चिंता जताई। साथ ही, होर्मुज स्ट्रेट, लाल सागर और बाब-अल-मंदेब में समुद्री आवाजाही की आजादी और सुरक्षा पर जोर दिया।
नेपाल में बाढ़ के दौरान भारत की भूमिका की सराहना
बैठक में भारत की क्षेत्रीय सहयोग और मानवीय सहायता से जुड़ी भूमिका की भी सराहना की गई। क्वाड देशों ने नेपाल में बाढ़ के दौरान सबसे पहले राहत पहुंचाने वाले देशों में भारत की भूमिका को सराहा।
किस-किससे मिले जयशंकर
इस बैठक के दौरान जयशंकर ने अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ-साथ जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री पेनी वोंग से भी मुलाकात की।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि क्वाड देश खुले और भरोसेमंद सप्लाई चेन विकसित करने, समुद्री सहयोग बढ़ाने और महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति सुरक्षित करने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: विदेश जाने वाले छात्रों से DRDO महानिदेशक की अपील, कहा- अपनी जड़ों को न भूलें, देश लौटकर राष्ट्र के लिए दें योगदान
उन्होंने कहा, "अटलांटा में अपने क्वाड समकक्षों से मिलकर और साझा प्राथमिकताओं को हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए वास्तविक लाभ में बदलने की दिशा में हुई प्रगति पर चर्चा करके मुझे खुशी हुई। हमारे देश भरोसेमंद और खुली सप्लाई चेन बनाने, अगली पीढ़ी की तकनीकों को बढ़ावा देने, समुद्री सहयोग बढ़ाने और महत्वपूर्ण खनिजों की आपूर्ति सुरक्षित करने के लिए काम कर रहे हैं। भारत, अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान क्षेत्र के लोगों के लिए ठोस नतीजे दे रहे हैं।"
