Narendra Modi Australia Visit: जापान में जी-7 बैठक के दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन पीएम नरेंद्र मोदी के पास चलकर आए और गले मिले। अगले दिन क्वॉड बैठक में कहा कि उन्हें पीएम नरेंद्र मोदी का ऑटोग्राफ लेना चाहिए। यही नहीं मोदी के आगामी अमेरिकी दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि उनके साथ डिनर करने के लिए लोग बड़ी संख्या में पैरवी कर रहे हैं। अब ऑस्ट्रेलिया के पीएम एंथनी अल्बनीज(Anthony Albanese) ने कहा कि मोदी बॉस हैं। बुधवार यानी 24 मई को दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय (India Australia bilateral relationship) वार्ता हुई। इस बैठक में दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर हुए तो दोनों देशों के पीएम ने कहा कि सहयोग का यह भाव हमेशा ऐसे ही चलते रहना चाहिए। प्रधान मंत्री ने अपने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष के साथ ऑस्ट्रेलिया में उग्रवाद और मंदिर हमलों(temple attack in Australia) का मुद्दा उठाया और कहा कि हम किसी को भी अपनी विचार प्रक्रिया या कार्यों के माध्यम से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों को बाधित करने के लिए स्वीकार नहीं करेंगे।
पीएम नरेंद्र मोदी ने क्या कहा
- भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंध द्विपक्षीय पहलुओं के अलावा क्षेत्रीय स्थिरता, शांति तथा वैश्विक कल्याण से भी जुड़े हैं।
- यह हमें स्वीकार्य नहीं है कि कोई भी अपने कृत्यों या विचारधारा से भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों को ठेस पहुंचाए।
- प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और मैंने ऑस्ट्रेलिया में मंदिरों पर हमलों के मुद्दे पर पहले भी चर्चा की थी और आज हमने फिर से इस पर बात की।
- हमने खनन और महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्रों में सामरिक सहयोग पर सार्थक चर्चा की ।
- हमने व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया, इससे आर्थिक संबंध और गहरे होंगे।
- हमने नए क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
- हमने भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने पर चर्चा की।
- ऑस्ट्रेलिया में भारतीय समुदाय भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सेतु है।
- भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंध आपसी विश्वास और भरोसे पर आधारित हैं।
अब हमारे रिश्ते टी 20 मोड में
ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बनीज के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में पीएम मोदी ने कहा कि पिछले एक साल में यह हमारी छठी मुलाकात है। यह हमारे व्यापक संबंधों की गहराई और हमारे संबंधों की परिपक्वता को दर्शाता है। क्रिकेट की भाषा में, हमारे संबंध टी20 मोड में प्रवेश कर चुके हैं। मुझे बेंगलुरु में एक नए ऑस्ट्रेलियाई महावाणिज्य दूतावास की स्थापना की घोषणा करते हुए भी खुशी हो रही है जो ऑस्ट्रेलियाई व्यवसायों को भारत के तेजी से बढ़ते डिजिटल और नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र से जोड़ने में मदद करेगा।
अलगाववाद के खिलाफ अभियान
पीएम एंथोनी अल्बनीज और मैंने पूर्व में ऑस्ट्रेलिया में मंदिरों पर हमले और अलगाववादी तत्वों की गतिविधियों के मुद्दे पर चर्चा की है। हमने आज भी इस मामले पर चर्चा की। हम ऐसे किसी भी तत्व को स्वीकार नहीं करेंगे जो उनके कार्यों या विचारों से भारत-ऑस्ट्रेलिया संबंधों के बीच मैत्रीपूर्ण और मधुर संबंधों को नुकसान पहुंचाता है। पीएम अल्बनीस ने आज मुझे एक बार फिर आश्वासन दिया कि वे भविष्य में भी ऐसे तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे।
