PM Modi The Hague Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को द हेग में प्रवासी समुदाय के एक कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान, उन्होंने कहा कि प्रवासी समुदाय की जमकर तारीफ की और कहा कि इतना सारा प्यार और उत्साह देखकर... सच कहूं तो, कुछ देर के लिए तो मैं यह भी भूल गया था कि मैं नीदरलैंड्स में हूं। बिल्कुल ऐसा लग रहा है, जैसे भारत में कहीं कोई फेस्टिवल चल रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने द हेग में प्रवासी समुदाय के एक कार्यक्रम को संबोधित किया (फोटो साभार: @BJP4India)
'द हेग में लगे मोदी-मोदी के नारे'
इस दौरान, पीएम मोदी ने प्रवासी भारतीयों को संबोधित करते हुए एक टास्क दिया। वह चंद सेकंड की खामोशी के बाद बोले- 'सोचें कि क्या हुआ था 16 मई को।' इसके बाद पीएम मोदी ने उस उपलब्धि का जिक्र किया, जिसके बाद पूरा हॉल तालियों और 'मोदी-मोदी' के नारों से गूंज उठा।
अपने लोगों के बीच प्रधानमंत्री ने सहज अंदाज में 16 मई का जिक्र किया। उन्होंने कहा, "आज 16 मई है, और ये दिन एक और वजह से बहुत विशेष है" (फिर मुस्कुरा कर भाषण को अल्प विराम दिया)..."आज से 12 वर्ष पहले 16 मई 2014 को कुछ खास हुआ था। 2014 में आज के ही दिन लोकसभा चुनाव के नतीजे आए थे। दशकों बाद भारत में स्थिर और पूर्ण बहुमत वाली सरकार का बनना पक्का हुआ था। एक वो दिन था और एक आज का दिन है। कोटि-कोटि भारतवासियों का विश्वास मुझे न रुकने देता है और न थकने देता है।"
तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा सभागार
समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, पीएम मोदी ने जैसे ही ये बात कही हॉल मोदी-मोदी के नारों, जयकार और तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। प्रधानमंत्री ने इसके बाद अहम् से वयम् की गाथा सुनाई। उन्होंने कहा, "मैं बहुत छोटी आयु में ही देशभक्ति के रंग में रंग गया। आप ही मेरे परिवार बन गए। अहम् से वयम् का रास्ता चुन लिया। फिर आपका सुख ही मेरा सुख बन गया और आपका कल्याण ही मेरा कर्तव्य बन गया।"
फिर भारत के प्रधानमंत्री ने आगे कहा, "13 वर्ष मुख्यमंत्री के रूप में, 12 वर्ष प्रधानमंत्री का सेवाकाल, लोकतांत्रिक विश्व में 25 वर्षों तक करोड़ों-करोड़ वोटर्स का लगातार समर्थन- ये मेरे लिए बहुत ही बड़े सौभाग्य की बात है। मेरे लिए ये सिर्फ एक आंकड़ा नहीं है। ये आपका आशीर्वाद मेरी बहुत बड़ी पूंजी है।" भारत की पूंजी उसका युवा और उसकी आकांक्षाएं हैं।
PM मोदी ने क्या कुछ कहा?
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज हमारा भारत बहुत बड़ा सपना देख रहा है। आज देश कह रहा है- हमें सिर्फ ट्रांसफॉर्मेशन नहीं चाहिए, हमें बेस्ट चाहिए, हमें फास्टेस्ट चाहिए। इसलिए जब भारत में एस्पिरेशन अनलिमिटेड हैं, तो एफर्ट्स भी लिमिटलेस हो रहे हैं। आज भारत का युवा आसमान छूना चाहता है।
प्रधानमंत्री ने दावा किया कि आज का भारत बदलाव के सकारात्मक दौर से गुजर रहा है। आगे बोले, "आज का भारत एक अभूतपूर्व परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। आपने हाल में देखा होगा कि दुनिया की सबसे बड़ी और सफल एआई समिट भारत ने आयोजित की। उससे पहले जी-20 की सफल समिट भी भारत ने आयोजित की थी।"
पीएम मोदी 9 साल (2017) बाद नीदरलैंड दौरे पर पहुंचे हैं। यह दौरा भारत-नीदरलैंड के बीच द्विपक्षीय संबंध मजबूत बनाने के लिहाज से बहुत महत्वपूर्ण है। इस यात्रा में व्यापार, टेक्नोलॉजी, सेमीकंडक्टर, वॉटर मैनेजमेंट, ग्रीन एनर्जी और रक्षा सहयोग जैसे कई बड़े मुद्दों पर बातचीत की संभावना प्रबल है।
