India Israel Ties: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात की। पीएम मोदी ने बताया कि नेतन्याहू के साथ बैठक बेहद शानदार रही। इस दौरान, दोनों नेताओं ने भारत-इजरायल संबंधों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विभिन्न मुद्दों पर व्यापक चर्चा की।
पीएम मोदी ने इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू से की मुलाकात (फोटो साभार: @narendramodi)
पीएम मोदी ने अपने आगमन पर मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए नेतन्याहू का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, ''मेरे मित्र प्रधानमंत्री नेतन्याहू द्वारा दिए गए गर्मजोशी भरे स्वागत से मैं अत्यंत भावुक हुआ। भारत-इजरायल की दोस्ती नई ऊंचाइयों को छूती रहे।''
'नेतन्याहू के साथ हुई शानदार बैठक'
पीएम मोदी ने नेतन्याहू के साथ बैठक की तस्वीर भी साझा की। उन्होंने कहा, ''प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ मेरी शानदार बैठक हुई। आज सुबह उन्होंने मेरा जिस गर्मजोशी से स्वागत किया, उसके लिए मैंने उनका आभार व्यक्त किया। नौ वर्षों बाद इजरायल लौटकर मुझे बेहद खुशी हो रही हैहमने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए कई विषयों पर चर्चा की। प्रौद्योगिकी, जल प्रबंधन, कृषि, प्रतिभा साझेदारी सहित कई क्षेत्रों में सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। साथ ही हमने क्षेत्र में हो रहे महत्वपूर्ण घटनाक्रमों पर भी चर्चा की।"
PM मोदी का भव्य स्वागत
इससे पहले, पीएम मोदी का इजराइल पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा ने बेन गुरियन हवाई अड्डे पर पीएम मोदी की अगवानी की। पीएम मोदी की नौ वर्षों में इजराइल की यह दूसरी यात्रा है। जुलाई 2017 में इस देश की उनकी पहली यात्रा के दौरान भारत-इजराइल संबंधों को रणनीतिक साझेदारी के स्तर पर ले जाया गया था।
नेतन्याहू ने पीएम मोदी का गर्मजोशी से गले लगाकर अभिवादन किया। इसके बाद तेल अवीव से 20 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित हवाई अड्डे पर मोदी का औपचारिक स्वागत किया गया। पीएम मोदी आज इजराइल की संसद को संबोधित करेंगे और नेतन्याहू के साथ वार्ता करेंगे। दोनों नेता बृहस्पतिवार को व्यापक मुद्दों पर बातचीत करेंगे।
