फिशिंग ट्रिप से लौट रहे एक ही परिवार के 6 लोगों की विमान हादसे में मौत, मिसिसिपी तट के पास समुद्र में गिरा प्लेन

पूर्व बोइंग सुरक्षा इंजीनियर और विमानन विशेषज्ञ टॉड कर्टिस के अनुसार, शून्य से नीचे के तापमान में बारिश होने से विमान पर बर्फ जमने का खतरा रहता है, जिससे उपकरणों की रीडिंग गलत हो सकती है या विमान की ऊंचाई बनाए रखने की क्षमता प्रभावित हो सकती है।

Plane crash off coast of Mississippi: मंगलवार को अमेरिका के मिसिसिपी तट के पास एक छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से फ्लोरिडा के एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। मृतक मछली पकड़ने (फिशिंग ट्रिप) के बाद अपने घर लौट रहे थे। अमेरिकी अधिकारी इस हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं। जैक्सन काउंटी के कोरोनर ब्रूस लिंड जूनियर के अनुसार, विमान को 50 वर्षीय ब्रेंट स्टोक्स उड़ा रहे थे, जो फोर्ट मायर्स स्थित एक मरीन कॉन्ट्रैक्टिंग कंपनी के अध्यक्ष थे। हादसे में जान गंवाने वाले अन्य लोगों में ब्रेंट के 16 वर्षीय बेटे हंटर स्टोक्स, उनकी बहन आर्लिन नॉक्स (43), बहनोई माइकल नॉक्स (43) और उनके दो बेटे चार्ल्स होल्डन नॉक्स (12) व ट्रुएट नॉक्स (10) शामिल हैं।

plane crash

मिसिसिपी में प्लेन क्रैश (Canve file photo)

आर्लिन और माइकल नॉक्स साल 2012 में उनके द्वारा स्थापित फोर्ट मायर्स की आईटी कंपनी 'नॉक्स टेक्नोलॉजीज' का संचालन करते थे। दोनों परिवारों ने एक बयान जारी कर मौतों की पुष्टि करते हुए कहा कि वे छुट्टियों की शुरुआत का जश्न मनाने के बाद बाकी परिवार के पास लौट रहे थे। कोरोनर ने बताया कि ब्रेंट स्टोक्स और माइकल नॉक्स का पोस्टमार्टम किया जा रहा है; माइकल नॉक्स भी एक लाइसेंस प्राप्त पायलट थे और दोनों को 2023 में निजी पायलट प्रमाण पत्र मिला था।

रडार से संपर्क टूटा, तेजी से नीचे गिरा विमान

कोस्ट गार्ड के मुताबिक, अलबामा के मोबाइल स्थित एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) टावर ने दोपहर करीब 3:45 बजे विमान से संपर्क टूटने की सूचना दी। 'LiveATC.net' पर उपलब्ध रिकॉर्डिंग के अनुसार, न्यू ऑरलियन्स से उड़ान भरते समय या उड़ान के दौरान पायलट ने किसी तकनीकी खराबी या आपात स्थिति की सूचना नहीं दी थी। हालांकि, संपर्क टूटने से कुछ समय पहले गल्फपोर्ट-बिलोक्सी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के एटीसी ने पायलट को क्षेत्र में बारिश और खराब मौसम की जानकारी दी थी।

पूर्व बोइंग सुरक्षा इंजीनियर और विमानन विशेषज्ञ टॉड कर्टिस के अनुसार, शून्य से नीचे के तापमान में बारिश होने से विमान पर बर्फ जमने का खतरा रहता है, जिससे उपकरणों की रीडिंग गलत हो सकती है या विमान की ऊंचाई बनाए रखने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। यह स्पष्ट नहीं है कि इस विमान में डी-आइसिंग सिस्टम था या नहीं।

असामान्य गिरावट

50 वर्षों के अनुभव वाले सेवानिवृत्त एयरलाइन कैप्टन स्टीवन अरोयो द्वारा 'फ्लाइटअवेयर' (FlightAware) डेटा के विश्लेषण के अनुसार, सेस्ना 210 विमान बादलों की निचली परत के ऊपर करीब 9,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी यह दाईं ओर मुड़ते हुए तेजी से नीचे गिरने लगा। अरोयो ने इसे बेहद असामान्य और गंभीर तकनीकी समस्या का संकेत बताया।

समुद्र के भीतर मलबे से मिले शव

न्यू ऑरलियन्स से फ्लोरिडा के फोर्ट मायर्स जा रहा यह 'सेस्ना 210' विमान मिसिसिपी के पास्कागौला और हॉर्न आइलैंड के बीच मैक्सिको की खाड़ी में गिरा। कोस्ट गार्ड के प्रवक्ता जुआन रोस ने बताया कि घंटों चले तलाशी अभियान के बाद शुरुआत में पानी पर केवल तीन लाइफ जैकेट, एक लाइफ राफ्ट और विमान का केबिन तैरता हुआ मिला था। बाद में गोताखोरों ने समुद्र में डूबे विमान के मुख्य हिस्से (फ्यूजलेज) से सभी छह शव बरामद किए।

फोर्ट मायर्स के पेज फील्ड हवाई अड्डे ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि उन्होंने बेहतरीन दोस्त और शानदार एविएटर्स खो दिए हैं। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) मिलकर इस दुर्घटना की जांच करेंगे। गौरतलब है कि इससे पहले इसी महीने दक्षिण फ्लोरिडा में एक 'लियरजेट 60' बिजनेस जेट के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार सभी नौ लोगों की मौत हो गई थी। (PTI)

End Article
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के ...

End of Feed