पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए बड़ा हमला किया है। कोहाट जिले में घात लगाकर किए गए इस हमले में डीएसपी और सब-इंस्पेक्टर समेत कम से कम 11 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। हमले के दौरान पुलिस के पांच वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया।
पाकिस्तान के कोहाट में आतंकियों का बड़ा हमला। ANI
जानकारी के मुताबिक, पुलिस की टीम अवैध सोने के खनन के खिलाफ कार्रवाई के लिए जा रही थी। इसी दौरान दरबोकाच जलंधर बांदा इलाके में पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने पुलिसकर्मियों पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से पुलिस टीम को संभलने का मौका नहीं मिला।
डीएसपी और सब-इंस्पेक्टर की भी मौत
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हमले में डीएसपी हैदर जमान और सब-इंस्पेक्टर मुख्तियार की भी जान चली गई है। गोलीबारी में घायल पुलिसकर्मियों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
इलाके में सुरक्षा बढ़ाई गई
हमले की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल और सुरक्षाकर्मियों को घटनास्थल पर भेजा गया। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हमलावरों की तलाश में कार्रवाई जारी है। पुलिस वाहनों को आग लगाए जाने के बाद घटनास्थल पर स्थिति और गंभीर हो गई।
इस हमले में मारे गए पुलिसकर्मियों की संख्या को लेकर अलग-अलग मीडिया रिपोर्ट्स में अंतर है। कुछ रिपोर्ट्स में 10, जबकि अन्य में 11 पुलिसकर्मियों की मौत बताई गई है। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के आधार पर मृतकों की संख्या कम से कम 10 से 11 के बीच बताई जा रही है। आधिकारिक पुष्टि के बाद आंकड़ा बदल सकता है।
