Pakistan Coal Mine Explosion: पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में आए दिन कोई न कोई घटना सुर्खियां बटोरती रहती है और अब एक कोयला खदान में विस्फोट की वजह से कम से कम चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि आठ अन्य लापता बताए जा रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
बलूचिस्तान प्रांत में मीथेन गैस से हुए विस्फोट की वजह से कोयला खदान ढह गई जिसके तत्काल बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों ने बताया कि क्वेटा से लगभग 40 किमी दूर संजदी क्षेत्र में 9 जनवरी को एक कोयला खदान मीथेन गैस भरने से हुए विस्फोट के कारण ढह गई, जिससे 12 श्रमिक मलबे में दब गए।
बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने शनिवार को बताया कि यह घटना मीथेन गैस भरने के कारण हुई, जिससे विस्फोट हुआ और खदान ढह गई। राहत एवं बचाव अभियान 24 घंटे से अधिक समय से जारी है, लेकिन जहरीली गैस और मलबे की मौजूदगी के कारण लोगों को रेक्स्यू करने में दिक्कतें आ रही हैं।
1500 फीट की गहराई पर मलबे में दबे लोग
बलूचिस्तान प्रांत के खनन विभाग के प्रमुख अब्दुल्ला शावानी ने कहा कि बाकी आठ खनिकों के बचने की संभावना बहुत कम है, क्योंकि वे खदान में लगभग 1,500 फीट की गहराई पर मलबे में दबे हुए हैं और 48 घंटे के बाद उनकी हालत गंभीर हो गई होगी।
खदान में क्यों हुआ धमाका?
कोयला खदान में आखिरकार विस्फोट क्यों हुआ? इस बात की जांच की जा रही है। अब्दुल्ला शावानी ने बताया कि इस खदान का संचालन एक निजी इकाई कर रही थी और यह पता लगाने के लिए जांच की जाएगी कि विस्फोट क्यों हुआ तथा खदान में खनन से जुड़े नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
