केरल में जन्मी नित्या रमन बनीं लॉस एंजिलिस की मेयर, पहली भारतीय-अमेरिकी महिला ने रचा इतिहास

केरल में जन्मी नित्या रमन ने लॉस एंजिलिस मेयर चुनाव जीतकर इतिहास रच दिया है। वह शहर की पहली भारतीय-अमेरिकी और दक्षिण एशियाई मेयर बनने जा रही हैं।

केरल में जन्मी नित्या रमन (Nithya Raman) ने लॉस एंजिलिस के मेयर पद का चुनाव जीतकर इतिहास रच दिया है। वह इस शहर की पहली भारतीय-अमेरिकी और पहली दक्षिण एशियाई मेयर बनने जा रही हैं। नित्या ने मौजूदा मेयर करेन बास को चुनाव में हराया। करेन बास ने अपनी हार स्वीकार करते हुए नित्या को जीत की बधाई दी और सत्ता के शांतिपूर्ण हस्तांतरण का भरोसा दिलाया। नित्या रमन (Nithya Raman) ने अपनी जीत पर खुशी जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, 'लॉस एंजिलिस, आपकी अगली मेयर बनकर मैं बेहद सम्मानित महसूस कर रही हूं।' उनकी इस जीत को भारतीय मूल के लोगों के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Nithiya Raman new mayor of los angeles

लॉस एंजिलिस से मेयर पद का चुनाव नित्या रमन ने जीता। (Instagram/@nithyaforthecity)

करेन बास ने स्वीकार की हार

लॉस एंजिलिस (Los Angeles) में 3 नवंबर को मेयर पद के लिए मतदान हुआ था। चुनाव में नित्या रमन और मौजूदा मेयर करेन बास के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। शुरुआत में करेन बास आगे चल रही थीं, लेकिन बाद में वोटों की गिनती के दौरान नित्या ने बढ़त बना ली। लॉस एंजिलिस काउंटी के चुनावी आंकड़ों के मुताबिक, 5 नवंबर को शाम 4:34 बजे तक नित्या रमन को 4,60,772 वोट मिले थे। यह कुल वोटों का 52.70 प्रतिशत था। वहीं करेन बास को 4,13,519 वोट मिले, जो 47.30 प्रतिशत थे। इस तरह नित्या ने 47,253 वोटों की बढ़त बना ली थी। उस समय वोटों की गिनती जारी थी, इसलिए ये आंकड़े अस्थायी थे। करेन बास ने नित्या को फोन करके जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि वह सत्ता के हस्तांतरण की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए पूरा सहयोग करेंगी। वहीं नित्या ने भी करेन बास के लंबे सार्वजनिक जीवन और शहर के लिए उनके काम की सराहना की।

End of Feed