NASA Astronauts Updates: अंतरिक्ष यात्री बुच विल्मोर और भारतीय मूल की सुनीता विलियम्स को बृहस्पतिवार को अंतरिक्ष में फंसे हुए छह महीने हो गए। उन्हें अभी दो और महीने वहां गुजारने पड़ेंगे। ये दोनों पांच जून को कक्षा में पहुंचे थे। दोनों को एक सप्ताह अंतरिक्ष में रहकर वापस लौट आना था। लेकिन स्टारलाइनर अंतरिक्ष यान में खराबी आने के कारण सुनीता विलियम्स और उनके साथी बुच विल्मोर दोनों अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर ही फंसे हुए हैं।
बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स।
फरवरी तक पूरा होगा मिशन
अमेरिका की अंतरिक्ष एजेंसी ‘नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन’ (नासा) ने अंतरिक्ष यान को वापसी की उड़ान के लिए बहुत जोखिम भरा माना, इसलिए उनके लंबे और कठिन मिशन के समाप्त होने में फरवरी तक का समय लगेगा। नासा के प्रबंधक हालांकि दोनों अंतरिक्ष यात्रियों को फंसा हुआ कहने से कतराते हैं।
दोनों अंतरिक्ष यात्री पहले भी वहां रह चुके थे, इसलिए वे जल्दी ही चालक दल के पूर्ण सदस्य बन गए तथा विज्ञान प्रयोगों में मदद करने लगे। ये दोनों टूटे हुए शौचालय की मरम्मत, वायु-द्वारों की सफाई और पौधों को पानी देने जैसे काम करने लगे। विलियम्स ने सितंबर में स्टेशन कमांडर का प्रभार संभाला था।
अंतरिक्ष में फंसी भारतीय मूल की सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर की वापसी के लिए नासा ने सितंबर के महीने में अपना अभियान शुरू कर दिया है। दोनों अंतरिक्ष यात्रियों की वापसी के लिए स्पेसएक्स क्रू-9 मिशन को लॉन्च किया गया है। यह लॉन्चिंग फ्लोरिडा के केप केनवरल से की गई है, जिसमें ड्रैगल कैप्सूल को फाल्कन-9 रॉकेट से लॉन्च किया गया है।
क्या है नासा का क्रू-9 मिशन?
सुनीता विलियम्स की वापसी क्रू-9 मिशन के जरिए होगी। दरअसल, अंतरराष्ट्रीय स्पेस स्टेशन (ISS) पर हमेशा ही अंतरिक्ष यात्रियों की एक टीम तैनात रहती है। धरती से 420 किमी की ऊंचाई पर लगातार अंतरिक्ष यात्री वैज्ञानिक प्रयोग करते रहते हैं। फिलहाल सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर भी आईएसएस में हैं और यह जून माह में 8 दिन के मिशन पर गए थे, लेकिन अंतरिक्ष यान में खराबी की वजह से वहां पर फंस गए। ऐसे में अब दोनों ही अंतरिक्ष यात्रियों को एलन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के ड्रैगन कैप्सूल से वापस लाया जाएगा।
इन दो लोगों को सौंपी जिम्मेदारी
स्पेसएक्स के इस मिशन के तहत नासा के निक हेग और रूस के अलेक्जेंडर गोरबुनोव को बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स को वापस लाने का काम सौंपा गया है। चूंकि नासा अंतरिक्ष स्टेशन के कर्मचारियों को लगभग हर छह महीने में बदलता है, इस नई उड़ान में विलमोर और विलियम्स के लिए दो खाली सीटें हैं और यह फरवरी के अंत में वापस आएगी। जबकि, इसी मिशन में पहले जाने वाली दो महिला अंतरिक्ष यात्री एस्ट्रोनॉट जेना कार्डमैन और स्टेफनी विल्सन को रोका गया है। अब वह अगले मिशन में इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन की यात्रा करेंगी।
