दुनिया

इस देश में 12 से अधिक बाघों की हुई मौत, चिड़ियाघर ने अवेशेषों को जलाया; जानें पूरा मामला?

Vietnam Tiger Death Case: दक्षिणी वियतनाम में एक के बाद एक 12 से अधिक बाघों की मौत हो गई जिसके बाद उनके अवशेषों को जलाया है और फिर उन्हें दफना दिया गया। वहीं, करीब 20 से अधिक बाघों को पृथक-वास में निगरानी में रखा गया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मारे गए बाघ बर्ड फ्लू से संक्रमित थे।

Image

12 से अधिक बाघों ने तोड़ा दम

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • मारे गए बाघों में हुई थी H5N1 की पुष्टि।
  • H5N1 की वजह से फैलता है 'बर्ड फ्लू'।
  • संक्रमित बाघों ने छोड़ दिया था खाना-पानी।


Vietnam Tiger Death Case: दक्षिणी वियतनाम के एक चिड़ियाघर में बर्ड फ्लू से संक्रमित होने के बाद 12 से अधिक बाघ मारे गए जिनके अवशेषों को जला दिया गया है। इसके बाद अवशेषों को दफनाया भी गया है।

क्या है पूरा मामला?

सरकारी मीडिया 'वीएनएक्सप्रेस' ने बिएन होआ शहर में वुन जोई चिड़ियाघर के संरक्षक के हवाले से बताया कि पशुओं को पास के फार्म से लाई गईं मुर्गियां खाने के लिए दी गई थी। मारे गए पशुओं में पैंथर और कई शावकों सहित 20 बाघ शामिल थे, जिनका वजन 10 से 120 किलोग्राम के बीच था। उनके अवशेष को चिड़ियाघर परिसर में जलाने के बाद दफना दिया गया।

इस वायरस से संक्रमित हुए थे बाघ

चिड़ियाघर के प्रबंधक न्गुयेन बा फुक ने कहा कि बहुत जल्दी बाघों की मौत हो गई। वे बहुत कमजोर लग रहे थे और उन्होंने खाना-पीना छोड़ दिया था। बीमार पड़ने के दो दिन बाद ही उनकी मौत हो गई। बाघों से लिए गए नमूनों की जांच में एच5एन1 वायरस की पुष्टि हुई है। इसी वायरस के कारण 'बर्ड फ्लू' का संक्रमण फैलता है।

पहली बार कब हुई वायरस की पहचान?

सबसे पहले 1959 में वायरस की पहचान हुई थी और यह प्रवासी पक्षियों एवं मुर्गियों के लिए अत्यधिक घातक खतरा बन गया। हाल के वर्षों में एच5एन1 कुत्तों और बिल्लियों से लेकर सील मछली और ध्रुवीय भालुओं तक कई जानवरों में पाया गया है।

वैज्ञानिकों ने पाया है कि बाघों में यह वायरस मस्तिष्क पर हमला करता है, रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचाता है और उनमें थक्का बनाता है, जिससे दौरे पड़ते हैं और पशुओं की मृत्यु हो जाती है।

चिड़ियाघर में कितने जानवर हैं?

करीब 20 से अधिक बाघों को पृथक-वास में निगरानी में रखा गया है। चिड़ियाघर में शेर, भालू, गैंडे, दरियाई घोड़े और जिराफ समेत करीब 3,000 अन्य पशु हैं। बाघों की देखभाल कर रहे 30 कर्मियों में 'बर्ड फ्लू' की पुष्टि नहीं हुई है और उनके स्वास्थ्य की स्थिति सामान्य है।

(इनपुट: भाषा)

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article