दुनिया

ओरेशनिक मिसाइल से यूक्रेन पर होंगे और हमले! पुतिन की US को चेतावनी; बोले- तेजी से बदल रही है स्थिति

Russia Ukraine War: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि मॉस्को ने ‘ओरेशनिक’ मिसाइल का इस्तेमाल पश्चिमी देशों द्वारा यूक्रेन को रूस पर हमले के लिए अपने लंबी दूरी के हथियारों का उपयोग करने की अनुमति दिए जाने के जवाब में किया था। उन्होंने चेतावनी दी कि रूस इस मिसाइल से यूक्रेन पर और अधिक हमले कर सकता है।

Image

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन

Photo : AP

Russia Ukraine War: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन (Vladimir Putin) ने गुरुवार को अपने सालाना संवाददाता सम्मेलन और ‘कॉल-इन शो’ कार्यक्रम के दौरान आर्थिक मोर्चे पर देश के तेजी से आगे बढ़ने के बारे में बात की और यूक्रेन में अपने सैनिकों की सफलता की सराहना की।

यह ऐसा एक वार्षिक कार्यक्रम है जिसका इस्तेमाल वह अपने प्रभुत्व का अहसास बनाये रखने और देश के राजनीतिक परिदृश्य पर व्यापक नियंत्रण होने का प्रदर्शन करने के लिए करते रहे हैं।

'आर्थिक मोर्चे पर तेजी से आगे बढ़ रहा रूस'

पुतिन ने रूस की आर्थिक स्थिति के बारे में कहा कि इस वर्ष यह लगभग चार प्रतिशत की दर से आगे बढ़ने की राह पर है। उन्होंने स्वीकार किया कि उपभोक्ता मुद्रास्फीति 9.3 प्रतिशत के उच्च स्तर पर है, लेकिन उन्होंने इसे कम करने के लिए केंद्रीय बैंक के प्रयासों का उल्लेख किया तथा इस बात पर जोर दिया कि अर्थव्यवस्था में स्थिति स्थिर बनी हुई है।

उन्होंने यह भी कहा कि सेना अपने लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि स्थिति तेजी से बदल रही है, हम अग्रिम मोर्चे पर आगे बढ़ रहे हैं।

हाइपरसोनिक बैलिस्टिक मिसाइल हमला

रूस द्वारा पिछले महीने पहली बार यूक्रेन पर हमला करने के लिए इस्तेमाल की गई नई ‘हाइपरसोनिक’ मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल के बारे में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में पुतिन ने कुछ पश्चिमी विशेषज्ञों के इस दावे का उपहास उड़ाया कि इसे उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (NATO) की हवाई सुरक्षा द्वारा रोका जा सकता है।

पश्चिमी देशों को पुतिन की दो टूक

पुतिन ने कहा कि मॉस्को ने ‘ओरेशनिक’ मिसाइल का इस्तेमाल पश्चिमी देशों द्वारा यूक्रेन को रूस पर हमले के लिए अपने लंबी दूरी के हथियारों का उपयोग करने की अनुमति दिए जाने के जवाब में किया था।

उन्होंने चेतावनी दी कि रूस इस मिसाइल से यूक्रेन पर और अधिक हमले कर सकता है। उन्होंने कहा कि इस मिसाइल का इस्तेमाल उन देशों के सैन्य परिसरों को निशाना बनाने के लिए भी किया जा सकता है, जिन्होंने यूक्रेन को रूस में हमले करने के लिए अपनी मिसाइलों का इस्तेमाल करने की अनुमति दी है।

क्या पुतिन ने असद से की मुलाकात?

पुतिन ने कहा कि वह सीरिया के अपदस्थ राष्ट्रपति बशर अल-असद से उस अमेरिकी पत्रकार की स्थिति के बारे में पूछेंगे जो 12 साल पहले सीरिया में लापता हो गया था। उन्होंने कहा कि उन्होंने अभी तक असद से मुलाकात नहीं की है, जिन्हें मॉस्को में शरण दी गई है, लेकिन उनकी उनसे मुलाकात करने की योजना है और वह उनसे अमेरिकी पत्रकार ऑस्टिन टाइस के बारे में पूछेंगे। उन्होंने कहा कि हम यह सवाल उन लोगों से भी पूछ सकते हैं, जो सीरिया में जमीनी स्तर पर स्थिति को नियंत्रित करते हैं।

इस कार्यक्रम का रूस के सरकार नियंत्रित टीवी स्टेशनों द्वारा सीधा प्रसारण किया जाता है तथा पिछले कुछ वर्षों में इस पर घरेलू मुद्दे हावी रहे हैं। स्टूडियो में फोन करने वाले ज्यादातर पत्रकार और आम लोग सड़क की मरम्मत, बिजली की कीमतों, घर के रखरखाव, चिकित्सा सेवाओं, परिवारों के लिए सरकारी सब्सिडी और अन्य आर्थिक और सामाजिक मुद्दों के बारे में सवाल पूछते हैं।

बातचीत के लिए तैयार है रूस

पुतिन ने कहा कि रूस संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन उन्होंने अपनी मांग दोहराई कि यूक्रेन को उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (NATO) में शामिल होने की अपनी चाहत को छोड़ देना चाहिए। यूक्रेन और पश्चिमी देशों ने हालांकि इन मांगों को खारिज कर दिया है। रूसी सरकारी मीडिया ने बताया कि आम नागरिकों ने शो से पहले 20 लाख से अधिक प्रश्न प्रस्तुत किए।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article