मोल्दोवा में एक अजीब ही मामला सामने आया है। यहां ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति एलेक्जेंडर वान डेर बेलेन आधिकारिक यात्रा पर आए हुए थे, जहां उन्हें कुत्ते ने काट लिया। कुत्ता भी ऐसा वैसा नहीं, मोल्दोवा के राष्ट्रपति के पालतू कुत्ते ने ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति को काटा है। वो भी तब जब बेलेन उसे प्यार करने की कोशिश कर रहे थे।
पालतू कुत्ते ने ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति को काटा
ये भी पढ़ें- नेतन्याहू की गोली मारकर हत्या कर दी जाए- गाजा संघर्ष के बीच कांग्रेस सांसद की मांग, नाजियों से की तुलना
सहलाने की कोशिश कर रहे थे ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति
मोल्दोवन मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना गुरुवार को हुई, जब दोनों नेता राजधानी चिशिनाउ में मोल्दोवन के राष्ट्रपति निवास के प्रांगण में टहल रहे थे और वान डेर बेलेन ने कुत्ते को सहलाने की कोशिश की। बेलेन जैसे ही सहलाने गए, कुत्ते ने हाथ पर झपटा मार दिया। जिसके बाद उनके हाथ पर कुत्ते ने काट लिया।
वीडियो भी आया है सामने
मोल्दोवा की मीडिया में प्रसारित वीडियो में देखा जा सकता है कि राजधानी चिशिनाउ की यात्रा के दौरान बेलेन राष्ट्रपति संदू के साथ खड़े हैं और उनका पालतू कुत्ता कोडरुट भी पास ही खड़ा है। जैसे ही बेलेन कोडरुट को सहलाने के लिए उसकी तरफ झुकते हैं, वह बेलेन के हाथ में काट लेता है।
ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति ने क्या कहा
बेलेन के कार्यालय ने जर्मनी की समाचार एजेंसी डीपीए को बताया कि जख्म मामूली है और तत्काल बेलेन को आवश्यक उपचार दिया गया। इसने कहा कि ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति पूरी तरह स्वस्थ हैं। ऑस्ट्रिया के राष्ट्रपति ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर इस घटना के बारे में पोस्ट किया। उन्होंने लिखा- "जो कोई भी मुझे जानता है वह जानता है कि मैं कुत्तों से प्रेम करता हूं और उसके उत्साह को समझ सकता हूं।"
