US Iran Ceasefire talk: ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामनेई (Mojataba Khamnenei) ने कहा कि अमेरिका-इजराइल ने जो 'आक्रामकता दिखाई है, उसे ऐसे ही नहीं जाने दिया जाएगा।' सुप्रीम लीडर ने कहा है कि इस्लामााद में होने वाली वार्ता में हमलों में हुए नुकसान की भरपाई और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ज्यादा से ज्यादा नियंत्रण पाने की मांग की जाएगी। सुप्रीम लीडर का यह बयान ऐसे समय आया है जब पाकिस्तान की राजधानी में सीजफायर के ब्योरों पर बातचीत होने जा रही है। अमेरिका और ईरान की तरफ से वार्ता में कौन-कौन शामिल हो रहा है, इनके नाम भी शामिल आ गए हैं।
मोजतबा ने युद्ध में अपनी जीत की घोषणा की
देश को संबोधित करते हुए मोजतबा ने कहा कि पश्चिम एशिया के इस युद्ध में अपनी जीत की घोषणा की। युद्ध के दौरान साहस दिखाने के लिए उन्होंने अपने सशस्त्र बलों एवं लोगों की प्रशंसा भी की। मोजतबा ने कहा, 'आज और इस समय से यह मजबूती के साथ कहा जा सकता है कि इस युद्ध और क्षेत्र में ईरान विजेता बनकर उभरा है।' उन्होंने आगे कहा, 'अल्लाह की मर्जी से, हम निश्चित रूप से आक्रांताओं को ऐसे ही नहीं जाने देंगे। युद्ध के दौरान ईरान को जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई करने की हम मांग करेंगे और हम स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर नियंत्रण एवं प्रबंधन की राह पर आगे बढ़ेंगे।'
इस्लामाबाद में सुरक्षा कड़ी
अमेरिका और ईरान के बीच शुक्रवार को उच्च-स्तरीय वार्ता की मेजबानी करने जा रहे पाकिस्तान ने राजधानी इस्लामाबाद में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। हालांकि, शीर्ष ईरानी नेतृत्व ने चेतावनी दी है कि लेबनान पर किए गए इजराइली हमले वार्ता को निरर्थक बना सकते हैं। अमेरिका और ईरान बुधवार को दो हफ्ते के लिए सशर्त युद्ध-विराम पर सहमत हो गए। इसके बाद, मतभेदों को सुलझाने और मौजूदा युद्ध-विराम को एक स्थायी शांति में तब्दील करने के लिए इस्लामाबाद में दोनों पक्षों के बीच बैठक होनी है।

iran
लेबनान में हमला सीजफायर का उल्लंघन-पेजेश्कियन
प्रस्तावित बातचीत से कुछ घंटे पहले, ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने कहा कि लेबनान पर इजराइल का हमला शुरुआती युद्ध-विराम का खुला उल्लंघन है और इससे बातचीत निरर्थक हो जाएगी। उन्होंने कहा, 'इस तरह के कदम धोखे और नियमों का पालन न करने का संकेत देते हैं, जिससे बातचीत का कोई मतलब नहीं रह जाता। हमारी ऊंगलियां ट्रिगर पर ही रहेंगी। ईरान अपने लेबनानी भाइयों और बहनों को कभी अकेला नहीं छोड़ेगा।’
लेबनान में मारे गए 200 लोग
पेजेश्कियन ने यह बात लेबनान में इजराइल के बड़े हमलों के एक दिन बाद कही, जिनमें 200 से ज्यादा लोग मारे गए और 1,000 से अधिक घायल हुए। इस बीच, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की और क्षेत्र में स्थायी शांति हासिल करने के लिए पाकिस्तान के मध्यस्थता प्रयासों की प्रगति की समीक्षा की।
