दुनिया

इस्लामाबाद में अमेरिका-ईरान की शांति वार्ता में कौन-कौन होगा शामिल? सामने आए बड़े नाम

Iran US Peace Talks: ईरान और अमेरिका के बीच फिलहाल दो हफ्तों के सीजफायर का ऐलान हो चुका है और अब सभी की निगाहें इस्लामाबाद में होने वाली शांति वार्ता में टिकी हुई हैं।

Image

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस (बाएं) और ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची (दाएं)

Photo : AP

Iran US Peace Talks: ईरान और अमेरिका के बीच फिलहाल दो हफ्तों के सीजफायर का ऐलान हो चुका है और अब सभी की निगाहें दोनों देशों के बीच इस्लामाबाद में होने वाली वार्ता पर टिकी हुई है। जहां तय होगा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष पूरी तरह से समाप्त होता है या वार्ता बेनतीजा रहती है। ऐसा इसलिए भी हम कह रहे हैं, क्योंकि जो पाकिस्तान आज ईरान और अमेरिका के बीच सुलह कराने के लिए 'चौधरी' बना फिर रहा है, उसकी हाल ही में अफगानिस्तान के साथ चीन में हो रही वार्ता विफल हुई है।

वार्ता में कौन-कौन होगा शामिल?

इस बीच, पाकिस्तानी अधिकारियों ने उन लोगों के नाम बताए हैं, जो ईरान और अमेरिका के बीच होने वाली वार्ता में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, अभी इसकी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है और न ही इस्लामाबाद वार्ता का ब्योरा तय हुआ है। ऐसे में सूची में बदलाव भी हो सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान-अमेरिकी वार्ता की मेजबानी कर रहे पाकिस्तान से प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, फील्ड मार्शल सैयद आसिम मुनीर, विदेश मंत्री इशाक डार, लेफ्टिनेंट जनरल आसिम मलिक, एनएसए और आईएसआई चीफ शामिल हो सकते हैं।

अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के नेतृत्व में शामिल प्रतिनिधिमंडल में व्हाइट हाउस के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ, राष्ट्रपति के पूर्व वरिष्ठ सलाहकार जार्ड कुशनर, CENTCOM कमांडर एडमिरल बार्ड कूपर शामिल हो सकते हैं।

ईरानी प्रतिनिधिमंडल में कौन-कौन?

ईरान की ओर से वार्ता में संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाकर कालीबाफ, विदेश मंत्री अब्बास अराघची के शामिल होने की संभावना है। हालांकि, अभी वार्ता का ब्योरा तय नहीं हुआ है।

ईरान ने अमेरिका के सामने रखी ये शर्तें

हालांकि, वार्ता से पहले ईरान ने अमेरिका के सामने दो शर्तें रखी हैं। पहली शर्त यह है कि रोजाना होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों की संख्या सीमित की जाए और दूसरी शर्त यह है कि अमेरिका अगले दो हफ्तों के भीतर ईरान की सभी जब्त की गई संपत्तियों को मुक्त कर दे।

इस्लामाबाद में दो दिन की रहेगी छुट्टी

पाकिस्तान सरकार ने इस्लामाबाद में होने वाली शांति वार्ता के मद्देनजर 9 और 10 अप्रैल को छुट्टी का ऐलान किया। उपायुक्त इरफान नवाज मेमन ने इस्लामाबाद जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय द्वारा जारी अधिसूचना साझा करते हुए यह जानकारी दी। हालांकि, उपायुक्त ने कहा कि आवश्यक सेवाएं चालू रहेंगी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article