Melania Trump Vs Hunter Biden : विवादास्पद एपस्टीन फाइल्स को लेकर अमेरिका की पहली महिला मेलानिया ट्रंप और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडेन के बेटे हंटर बाइडेन आमने-सामने आ गए हैं। मेलानिया ने हंटर को नोटिस भेजा है और उन पर एक अरब अमेरिकी डॉलर का मानहानि का मुकदमा करने की धमकी दी है। फॉक्स न्यूज के मुताबिक हंटर का दावा है कि जेफरी एपस्टीन ने ही मेलानिया का परिचय डोनाल्ड ट्रंप से कराया था। बता दें कि मेलानिया अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी हैं। अमेरिका में एपस्टीन फाइल्स एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी हैं मेलानिया। तस्वीर-ANI
तुरंत बयान वापस लें हंटर-मेलानिया
रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिका की प्रथम महिला ने हंटर से अपना दावा वापस लेने और माफी मांगने के लिए कहा है। मेलानिया ने कहा है कि हंटर यदि ऐसा नहीं करते हैं तो उन्हें ‘कानूनी कार्रवाई’ का सामना करना होगा। इस महीने की शुरुआत में हंटर ने यूट्यूब शो चैनल 5 पर एंड्रयू कैलाघन के साथ इंटरव्यू में मेलानिया के बारे में टिप्पणी की थी। अब मेलानिया के वकील एलेजांड्रो ब्रिटो ने कहा, ‘उन्होंने फर्स्ट लेडी के बारे में किए गए झूठे, मानहानिकारक, अपमानजनक और भड़काऊ बयानों को तुरंत वापस लेना चाहिए।’
हंटर का दावा-जेफरी ने मेलानिया को ट्रंप से मिलवाया
ब्रिटो ने आगे कहा, 'अगर ऐसा नहीं किया गया, तो मिसेज ट्रंप के पास कोई विकल्प नहीं बचेगा। वह अपनी प्रतिष्ठा को पहुंचे नुकसान की भरपाई के लिए उपलब्ध सभी कानूनी अधिकारों और उपायों का सहारा ले सकती हैं।' ‘हंटर बाइडेन रिटर्न्स’वीडियो इंटरव्यू में पूर्व राष्ट्रपति के बेटे ने कहा, 'एप्स्टीन ने मेलानिया का परिचय ट्रंप से कराया। इनके आपसी संबंध बहुत गहरे और व्यापक हैं।' उन्होंने आगे कहा, 'जेफरी एप्स्टीन ने मेलानिया का परिचय कराया, और इसी तरह मेलानिया, प्रथम महिला और राष्ट्रपति मिले।'
क्या है एपस्टीन फाइल्स्स?
दरअसल, साल 2019 में सेक्स ट्रैफिकिंग नेटवर्क चलाने के आरोप में जेफरी एपस्टीन की गिरफ्तारी हुई। जेफरी पर इंटरनेशनल नेटवर्क के जरिए किशोर लड़कियों का उत्पीड़न करने का आरोप था। मैनहटन जेल में उन्होंने आत्महत्या कर ली। माना जाता है कि उनकी मौत रहस्यमय परिस्थितियों में हुई। उनकी मौत पर कई तरह की साजिश की बात कही जाती है। कहा जाता है कि 'एपस्टीन फाइल्स' में जेफरी के साथ उनके प्राइवेट जेट में यात्रा करने वाले, संपर्क में रहने वाले और गवाहों के नाम हैं।
इसमें कई नामी गिरामी शख्सियतों के नाम
इस फाइल्स में कोर्ट दिए गए गवाहों के बयान होने की भी बात कही जाती है। एपस्टीन फाइल्स के कुछ हिस्से 2019, 2024 और 2025 में सार्वजनिक हुए। इनमें कथित रूप से अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपतियों, बड़े परिवारों और हॉलीवुड की हस्तियों सहित कई नामी गिरामी शख्सियतों के नाम हैं। हालांकि, एपस्टीन फाइल्स में नाम होना यह साबित नहीं करता है कि उस व्यक्ति ने कोई गलत काम किया है क्योंकि इनमें से कई लोगों का एपस्टीन के साथ संपर्क कारोबार को लेकर हुआ होगा।
