Massive explosion in Temascalcingo: मेक्सिको के टेमास्केलसिंगो (Temascalcingo) में धार्मिक उत्सव के दौरान आतिशबाजी के सामान में जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 64 लोग घायल बताए जा रहे हैं। धमाका शनिवार रात नुएस्ट्रा सेनोरा डे ला लुज (Nuestra Señora de la Luz) चर्च के पास हुआ। यहां सैकड़ों लोग धार्मिक उत्सव के तहत होने वाली आतिशबाजी देखने के लिए जुटे थे। विस्फोट इतना तेज था कि पास की एक दीवार भी ढह गई।
मेक्सिको में धमाका, 10 की मौत
घायलों में दो पादरी भी शामिल
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, हादसे की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। मेक्सिको स्टेट अटॉर्नी जनरल ऑफिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय बिशप के मुताबिक, घायलों में दो पादरी भी शामिल हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में धमाके के बाद इलाके में धुआं और मलबा नजर आ रहा है, जबकि लोग बचे हुए लोगों की तलाश करते दिखाई दे रहे हैं।
टेमास्केलसिंगो, मेक्सिको सिटी से करीब 160 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित है। मेक्सिको में धार्मिक और सड़क उत्सवों के दौरान आतिशबाजी का इस्तेमाल आम है और इससे पहले भी पटाखों के कारण हादसे सामने आते रहे हैं।
मेक्सिको में आतिशबाजी और धार्मिक परंपराएं
मेक्सिको के ग्रामीण और छोटे कस्बों में किसी भी धार्मिक या सांस्कृतिक उत्सव पर आतिशबाजी का प्रदर्शन सदियों पुरानी परंपरा का हिस्सा है। संरक्षक संतों के पर्व, राष्ट्रीय दिवसों और शादियों में बारूद से बनी आतिशबाजी का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जाता है।
- मेक्सिको में पटाखों के निर्माण, परिवहन और भंडारण (Storage) में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और अनधिकृत बारूद का उपयोग एक गंभीर समस्या है।
- मेक्सिको का तुलतेपेक शहर पटाखा उद्योग का केंद्र माना जाता है। यहां 2016 में सैन पाब्लो पटाखा बाजार में हुए भीषण विस्फोट में 36 से अधिक लोगों की मौत हुई थी।
- कई धार्मिक आयोजनों में स्थानीय आयोजक बिना किसी सुरक्षा लाइसेंस या अग्निशामक व्यवस्था के भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री भीड़भाड़ वाले चर्च परिसरों या रिहाइशी मकानों में जमा कर लेते हैं।
- मध्य मेक्सिको के हिडाल्गो (Hidalgo) राज्य के ह्यूजुटला गांव में भी लगभग चार साल पहले एक धार्मिक उत्सव के दौरान हुए पटाखा धमाके में 17 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
- तमाम सरकारी चेतावनियों और सुरक्षा दिशानिर्देशों के बावजूद, मेक्सिको के स्थानीय धार्मिक आयोजनों में पटाखों का अनियमित उपयोग जारी है, जिसके कारण ऐसे घातक हादसे बार-बार सामने आते हैं।
