Israel Yemen Tension: इजरायल के दक्षिणी शहर ऐलात पर यमन से एक ड्रोन दागा गया। इस हमले में कम से कम 20 लोग घायल हो गए। पिछले कुछ समय से लगातार हूती विद्रोहियों के हमले से इजरायल आहत है और पलटवार भी करता रहा है। हालांकि, हालिया हमले में तत्काल यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि यह लोग ड्रोन से घायल हुए हैं या इंटरसेप्टर से।
यमन से इजरायल के दक्षिणी शहर ऐलात पर ड्रोन हमला (प्रतीकात्मक तस्वीर: iStock)
चिकित्सकों ने बताया कि कम से कम 20 लोग घायल हुए हैं जिसमें दो की हालत गंभीर है, जबकि अन्य को हल्की चोटें आई हैं। यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोही गाजा में फलस्तीनियों के साथ एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए नियमित रूप से इजराइल पर ड्रोन और मिसाइलें दागते रहते हैं।
'ड्रोन को रोक नहीं पाया एयर डिफेंस सिस्टम'
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी रायटर्स के मुताबिक, इजरायली सेना ने कहा कि यमन से प्रक्षेपित एक ड्रोन ऐलात में गिरा। हालांकि, उसे रोकने की कोशिशें की गई थीं। इजरायली हायोम अखबार ने शुरुआती जांच का हवाला देते हुए कहा कि एयर डिफेंस सिस्टम ड्रोन को रोकने में नाकाम रहा। बुधवार को हुआ यह ड्रोन हमला ईरान समर्थित हूतियों द्वारा एक ड्रोन दागे जाने के कुछ दिनों बाद हुआ है, जो ऐलात के होटल क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हालांकि, इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ था।
सनद रहे कि हूती हजारों किलोमीटर उत्तर में इजरायल की ओर मिसाइलें और ड्रोन दाग रहे हैं जिसे फिलिस्तीनियों के साथ एकजुटता का प्रतीक बता रहा है। यमन की ओर से अब तक दागी गईं दर्जनों मिसाइलों और ड्रोनों में से ज्यादातर को इजरायल ने हवा में ही मार गिराया गया या फिर वह इजरायली क्षेत्र के बाहर जाकर गिरी हैं।
