Mali Defense Minister Assassinated: पश्चिम अफ्रीका के माली से बड़ी खबर सामने आई है, जहां समन्वित आतंकी हमलों के बीच देश के रक्षा मंत्री सादियो कैमारा (Sadio Camara killed) की हत्या कर दी गई। यह हमला राजधानी बामाको से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित सैन्य कस्बे काटी में उनके आवास पर हुआ।
माली के रक्षा मंत्री सादियो कैमारा। (फोटो- विकीपीडिया)
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह हमला उस बड़े ऑपरेशन का हिस्सा था जिसमें अल-कायदा (Al Qaeda) से जुड़े संगठन जमात नुसरत अल-इस्लाम वल-मुस्लिमीन और तुआरेग विद्रोहियों ने देशभर में एक साथ कई सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया। काटी, जिसे माली का सबसे सुरक्षित सैन्य इलाका माना जाता है,वहां आत्मघाती कार बम से हमला कर कैमारा को निशाना बनाया गया।
बामाको के अलावा इन शहरों में भी हुए हमले
बताया जा रहा है कि बंदूकधारियों ने बामाको के अलावा गाओ, किडाल और सेवारे जैसे शहरों में भी हमले किए। कई इलाकों में 24 घंटे बाद भी गोलीबारी और धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं, जिससे हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं।
माली की सैन्य सरकार के प्रभावशाली नेताओं में थे कैमारा
सादियो कैमारा माली की सैन्य सरकार के सबसे प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते थे, जिसने 2020 और 2021 के तख्तापलट के बाद सत्ता संभाली थी। उनकी हत्या को माली की सेना के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
माली में हुई हिंसक वारदातों से यूएन चीफ चिंतित
इस बीच, यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरेस माली की हिंसक वारदातों से चिंतित हैं। और उन्होंने इसकी कड़े शब्दों में निंदा की।गुटेरेस के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने एक बयान में कहा कि यूएन चीफ ने मालीवासियों के साथ एकजुटता दिखाई है और आम जनता के साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर की सुरक्षा की जरूरत पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि महासचिव ने साहेल में हिंसक कट्टरपंथ और आतंकवाद के बढ़ते खतरे से निपटने और तुरंत मानवीय जरूरतों को पूरा करने के लिए मिलकर अंतरराष्ट्रीय सहयोग की अपील की है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को पूर्ण सहयोग और आपसी तालमेल से चुस्त दुरुस्त बनाने का आग्रह किया।
बामाको में 72 घंटे का कर्फ्यू लागू
इस बीच अंतरिम राष्ट्रपति अस्सीमी गोइता को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है और वे स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। सरकार ने राजधानी बामाको में 72 घंटे का कर्फ्यू लागू कर दिया है और सेना बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चला रही है।जो स्थानीय समयानुसार रात 9 बजे (2100 जीएमटी) से सुबह 6 बजे (0600 जीएमटी) तक लागू रहेगा। इसे जरूरत पड़ने पर बढ़ाया जा सकता है। इससे पहले दिन में, माली आर्म्ड फोर्सेज के जनरल स्टाफ ने कहा कि बमाको, काटी और दूसरे प्रभावित इलाकों में बड़े पैमाने पर स्वीप ऑपरेशन चल रहा है, और कहा कि सैकड़ों की तादाद में आतंकवादी मारे गए हैं।
गौरतलब है कि उत्तरी माली में अलग अजावाद देश बनाने के लिए अजावाद अलगाववादी आंदोलन वर्षों से जारी है।'अजावाद लिबरेशन फ्रंट'के प्रवक्ता मोहम्मद एलमाउलौद रमदाने ने सोशल मीडिया पर एक बयान में कहा कि उनके बलों ने पूर्वोत्तर शहर किदाल और गाओ के कई इलाकों पर नियंत्रण हासिल कर लिया है।
2024 में अल-कायदा से जुड़े एक समूह ने किया था हमला
इससे पहले, साल 2024 में अल-कायदा से जुड़े एक समूह ने बामाको के हवाई अड्डे और राजधानी में एक सैन्य प्रशिक्षण शिविर पर हमला किया था,जिसमें कई लोग मारे गए थे। बता दें कि माली अपने पड़ोसी नाइजर और बुर्किना फासो के साथ, लंबे समय से अल-कायदा और इस्लामिक स्टेट समूह से जुड़े सशस्त्र समूहों से लड़ रहा है। पिछले एक दशक में यह लड़ाई और तेज हो गई है।
