Indonesia Flash Floods: इंडोनेशिया के जावा द्वीप में स्थित पहाड़ी गांवों में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ की चपेट में आने से 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि कम से कम नौ लापता बताए जा रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि बचावकर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य के दौरान 16 लोगों के शव बरामद किए, जो मुख्य द्वीप जावा के पर्वतीय क्षेत्र में स्थित गांवों में अचानक आई बाढ़ में बह गए थे और मलबे तथा चट्टानों के नीचे दब गए थे।
इंडोनेशिया में बाढ़ और भूस्खलन (प्रतीकात्मक तस्वीर)
बाढ़ और भूस्खलन से तबाही
स्थानीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रमुख बर्गस कैटुरसारी ने बताया कि सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश के कारण नदियों में आई बाढ़ ने मध्य जावा प्रांत के पेकलोंगन रीजेंसी के नौ गांवों को अपनी चपेट में ले लिया और पवर्तीय क्षेत्र में पहाड़ों की ढलानों से मिट्टी, चट्टानें दरक कर नीचे गिर गईं तथा कई पेड़ भी उखड़ गए।
उन्होंने बताया कि बचावकर्मियों ने मंगलवार तक सबसे अधिक प्रभावित गांव पेटुंगक्रीयोनो से कम से कम 16 शव बाहर निकाले, जबकि नौ ग्रामीण अभी भी लापता हैं जिनकी तलाश जारी है।
कैटुरसासी ने बताया कि 10 घायल भागने में सफल रहे जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। अक्टूबर से मार्च तक होने वाली मौसमी बारिश इंडोनेशिया में अक्सर बाढ़ और भूस्खलन का कारण बनती है। इंडोनेशिया 17,000 द्वीपों का एक द्वीपसमूह है जहां लाखों लोग पवर्तीय क्षेत्रों या बाढ़ संभावित मैदानी इलाकों के पास रहते हैं।
