Israeli Strike in Lebanon: दक्षिणी लेबनान में बुधवार को एक कार पर इजरायली हवाई हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और पास की बस में सवार छात्रों सहित 11 लोग घायल हो गए। इससे पहले, दक्षिणी लेबनान के तिरी में फलस्तीनी शरणार्थी शिविर पर मंगलवार को हुए इजरायली हवाई हमले में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए।
दक्षिणी लेबनान में इजरायली हवाई हमला (फोटो साभार: AP)
सबसे घातक इजरायली हमला
एक साल पहले इजरायल-हिज्बुल्लाह के बीच हुए युद्धविराम के बाद से यह लेबनान पर सबसे घातक हमला था। सरकारी समाचार एजेंसी ने बताया कि बुधवार सुबह जिस कार पर हमला हुआ, उसके पास से छात्रों से भरी एक स्कूल बस गुज़र रही थी। घटना में बस चालक और कई छात्र घायल हो गए। कार में मरने वाले व्यक्ति की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। इजरायली सेना ने घटना पर कोई टिप्पणी नहीं की।
इजरायल का हमास के परिसर पर भीषण हमला
सरकारी राष्ट्रीय समाचार एजेंसी ने बताया कि ड्रोन हमले में तटीय शहर सिडोन के बाहरी इलाके में स्थित आइन अल-हिल्वेह शरणार्थी शिविर में एक मस्जिद की पार्किंग में खड़ी एक कार को निशाना बनाया गया। इजरायली सेना ने मंगलवार रात कहा कि उसने हमास के एक प्रशिक्षण परिसर पर हमला किया, जिसका इस्तेमाल इजरायल और उसकी सेना के खिलाफ हमले की तैयारी के लिए किया जा रहा था। उसने कहा कि इजरायली सेना हमास के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगी, चाहे वह समूह कहीं भी सक्रिय हो।
हमास ने हमले की निंदा की तथा इस बात से इनकार किया कि जिस खेल मैदान पर हमला हुआ वह उसका प्रशिक्षण परिसर था। पिछले दो वर्षों में लेबनान पर इजरायली हवाई हमलों में उग्रवादी हिज्बुल्ला समूह के साथ-साथ हमास जैसे फलस्तीनी गुटों के कई अधिकारी मारे गए हैं।
