Israel Hamas Conflict: इजरायल ने शनिवार को गाजा में हमास के एक शीर्ष कमांडर को ढेर कर दिया। शीर्ष कमांडर का नाम राएद साद बताया जा रहा है। यह कार्रवाई ऐसे समय पर हुई जब क्षेत्र के दक्षिण में एक धमाके में इजरायली सेना के दो जवान घायल हो गए। हमास ने एक बयान में कहा कि गाजा शहर के बाहर एक नागरिक वाहन पर हमला किया गया था, जो 10 अक्टूबर को लागू हुए सीजफायर का उल्लंघन था। हालांकि, हमास ने शीर्ष कमांडर राएद साद की मौत की पुष्टि नहीं की।
इजरायली हमले में हमास का शीर्ष कमांडर राएद साद ढेर (फोटो साभार: AP)
कौन था राएद साद?
राएद साद हमास में एक हथियार निर्माण यूनिट का प्रभारी था और पहले आतंकवादी समूह के ऑपरेशंस डिवीजन का नेतृत्व करता था। इजरायल ने एक बयान में उसे 7 अक्टूबर 2023 के हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक बताया गया था। गाजा सिटी के पश्चिम में हुए इजरायली हमले में चार लोगों की मौत हो गई जिनके शव शिफा अस्पताल लाए गए। अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी के एक पत्रकार ने इसकी जानकारी दी। अल-अवदा अस्पताल के अनुसार, तीन अन्य लोग घायल हुए हैं।
इजरायल और हमास दोनों एक-दूसरे पर संघर्ष विराम उल्लंघन का आरोप लगाते रहे हैं। फिलिस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, संघर्ष विराम लागू होने के बाद से अबतक इजरायली हवाई हमलों और गोलीबारी में कम से कम 386 फिलिस्तीनियों की मौत हुई है। हालांकि, इजरायल ने हालिया हमले को उसके सैनिकों पर हुए आतंकी हमलों का जवाब बताया।
