इतिहास में पहली बार इजराइल (Israel) ने पाकिस्तान (Pakistan) को एक आतंकवादी देश मानते हुए खत्म करने की धमकी दी है। इजराइल को पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने धमकी थी, जिसके बाद इजराइल ने लताड़ते हुए पाकिस्तान को चेतावनी दी है, कि इस तरह के बयान को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। खुद इजराइली पीएम के कार्यालय से पाकिस्तान की आलोचना की गई है। वहीं इजराइली विदेश मंत्री ने पाकिस्तान को 'आतंकवादी' देश तक कह दिया।
इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (फाइल फोटो- AP)
पाकिस्तान को इजराइल ने क्या-क्या कहा?
इजराइल ने गुरुवार को ख्वाजा आसिफ के बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए उन्हें कड़ा जवाब दिया और पाकिस्तान की उस भूमिका पर भी सवाल उठाया, जिसमें वह अमेरिका और ईरान के बीच संभावित बातचीत में मध्यस्थ बनने की बात कर रहा है। एक आधिकारिक बयान में Prime Minister's Office of Israel ने ख्वाजा आसिफ की टिप्पणियों की कड़ी निंदा की और कहा कि उनका "इजराइल के विनाश का आह्वान करना बेहद आपत्तिजनक है"। साथ ही इजराइल ने पाकिस्तान सरकार के रवैये पर भी सवाल उठाए। बयान में कहा गया, "पाकिस्तान के रक्षा मंत्री द्वारा इजराइल के विनाश की मांग करना बेहद आपत्तिजनक है। किसी भी सरकार की ओर से ऐसा बयान बर्दाश्त नहीं किया जा सकता, खासकर उस देश से, जो खुद को शांति प्रक्रिया में एक निष्पक्ष मध्यस्थ बताता है।"
इजराइल ने पाकिस्तान को बता दिया 'आतंकी'
इजराइली विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान को आतंकवाद पर घेरते हुए कहा कि जो ताकतें तेल अवीव के विनाश की बात करती हैं, उनके खिलाफ वह खुद का बचाव करेगा। कड़े शब्दों में जवाब देते हुए इजराइल के विदेश मंत्री Gideon Sa'ar ने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री के बयान की आलोचना की। उन्होंने कहा कि यहूदी राष्ट्र को "कैंसरग्रस्त" बताना दरअसल इजराइल के विनाश की मांग करने जैसा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए उन्होंने ने कहा, "इजराइल उन स्पष्ट रूप से यहूदी-विरोधी आरोपों को बहुत गंभीरता से देखता है, जो एक ऐसी सरकार की ओर से आ रहे हैं, जो खुद को शांति का मध्यस्थ बताती है। यहूदी राष्ट्र को 'कैंसरग्रस्त' कहना प्रभावी रूप से उसके विनाश का आह्वान है। इजराइल उन आतंकियों के खिलाफ खुद का बचाव करेगा, जो उसके विनाश की कसम खाते हैं।"
पाकिस्तान ने इजराइल को क्या कहा था?
यह घटनाक्रम उस समय सामने आया, जब ख्वाजा आसिफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में इजराइल को "बुराई" और "मानवता के लिए अभिशाप" बताया और उस पर लेबनान में "नरसंहार" करने का आरोप लगाया, जबकि शांति वार्ता जारी है। उन्होंने कहा, "इजराइल बुराई है और मानवता के लिए अभिशाप है। जब इस्लामाबाद में शांति वार्ता चल रही है, उसी समय लेबनान में नरसंहार हो रहा है। निर्दोष नागरिकों की हत्या की जा रही है- पहले गाजा, फिर ईरान और अब लेबनान में खून-खराबा लगातार जारी है। मैं उम्मीद और प्रार्थना करता हूं कि जिन लोगों ने फिलिस्तीनी भूमि पर यह तथाकथित 'कैंसरग्रस्त राज्य' बनाया, वे नरक में जलें।"
