इजराइली राष्ट्रपति ने पूर्व सैन्य प्रमुख गादी आइजनकोट को दिया सरकार बनाने का न्योता, खतरे में नेतन्याहू की कुर्सी, अब नजर अरब पार्टियों पर

इजराइली राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग ने पूर्व सैन्य प्रमुख और 'याशर' पार्टी के नेता गादी आइजनकोट को सरकार बनाने का पहला मौका दिया है। 27 अक्टूबर के आम चुनावों के बाद बेंजामिन नेतन्याहू के बहुमत खोने से इजराइल में बड़ा राजनीतिक फेरबदल देखने को मिल सकता है।

इजराइल के राजनीतिक परिदृश्य में एक ऐतिहासिक और बड़ा फेरबदल देखने को मिल रहा है। इजराइल के राष्ट्रपति इसहाक हर्जोग ने शनिवार रात विपक्षी उम्मीदवार और पूर्व सेना प्रमुख गादी आइजनकोट को नई गठबंधन सरकार बनाने के लिए आधिकारिक रूप से आमंत्रित किया है। यह कदम 27 अक्टूबर को हुए संसदीय चुनावों के बाद आया है, जिसमें प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी सहयोगी पार्टियां बहुमत का आंकड़ा हासिल करने में नाकाम रहीं। राष्ट्रपति हर्जोग की इस घोषणा के साथ ही इजराइल के इतिहास में सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले बेंजामिन नेतन्याहू की कुर्सी पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।

Gadi Eisenkot

गादी आइजनकोट की फाइल फोटो

"यह राष्ट्रीय आपातकालीन सरकार बनाने का समय है"

राष्ट्रपति के ऐलान के तुरंत बाद 'याशर' पार्टी के प्रमुख गादी आइजनकोट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर अपनी प्रतिक्रिया दी और लिखा कि यह देश में एक राष्ट्रीय आपातकालीन सरकार स्थापित करने का समय है। मैं खुद को और अपनी टीम को इस जिम्मेदारी के योग्य साबित करने के लिए हर संभव प्रयास करूंगा। आइजनकोट के पास संसद (नेसेट) में बहुमत साबित कर सरकार बनाने के लिए छह सप्ताह तक का समय है। हालांकि, 7 अक्टूबर 2023 के हमास हमलों और उसके बाद गाजा व आसपास के क्षेत्रों में तीन साल से अधिक समय तक चले भीषण युद्ध से जूझ रहे देश में यह राह आसान नहीं होगी।

End of Feed