Israel-Hamas Conflict: गाजा में इजरायल समर्थित अमेरिकी सहायता संगठन ने बुधवार को कहा कि वितरण केंद्र के निकट 20 फलस्तीनियों की मौत हुई है। इससे पहले अस्पताल अधिकारियों ने बताया था कि इजराइली हमलों में 11 बच्चों समेत 22 लोगों की मौत हुई है।
गाजा में मारे गए कई लोग (फाइल फोटो)
कैसे हुई लोगों की मौत?
‘गाजा ह्यूमैनिटेरियन फंड’ ने कहा कि दक्षिण गाजा के खान यूनिस शहर में स्थित वितरण केंद्र पर 19 लोगों की मौत भगदड़ में कुचलने से हुई, जबकि एक व्यक्ति की हिंसा के दौरान चाकू मारकर हत्या कर दी गई। संगठन ने हमास पर गलत सूचना फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि इसकी वजह से हिंसा हुई। हालांकि, संगठन ने अपने इस दावे के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया है।
मिसाइलों के कहर से थर्राया गाजा
इससे पहले गाजा पट्टी पर मंगलवार को इजरायली हमलों में 90 से अधिक फलस्तीनी मारे गए थे, जिनमें कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। शिफा अस्पताल के अधिकारियों के अनुसार, उत्तरी शाती शरणार्थी शिविर में हुए एक हमले में फलस्तीनी विधायिका के हमास सदस्य की मौत हो गई, साथ ही उसी इमारत में शरण लिए हुए एक पुरुष, एक महिला और उनके छह बच्चे भी मारे गए। हताहतों को इसी अस्पताल में लाया गया था।
शिफा अस्पताल के अनुसार, सोमवार शाम गाजा शहर के तेल अल-हवा ज़िले में एक घर पर हुए हमले में एक परिवार के 19 सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों में आठ महिलाएं और छह बच्चे शामिल हैं। इसी जिले में विस्थापित लोगों के लिए बने एक शिविर पर हमले में एक पुरुष, एक महिला तथा उनके दो बच्चों की मौत हो गई थी।
