Iran Natanz Nuclear Site Attacked: संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका और इजराइल के हवाई हमलों के बीच ईरान के नतांज परमाणु स्थल को हाल में कुछ नुकसान हुआ है लेकिन इससे कोई विकिरण होने की आशंका नहीं है। यानी रेडिएशन का खतरा नहीं है। अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने बताया कि क्षति मुख्य रूप से परमाणु स्थल के भूमिगत हिस्से के प्रवेश भवनों तक सीमित है। बता दें कि आज ईरान में 4.3 तीव्रता का भूकंप भी आया था। तो इसको लेकर भी लोग अलग-अलग तरह की चर्चा कर रहे हैं।
ईरान के नतांज परमाणु साइट को पहुंचा नुकसान, रेडिएशन का खतरा
ईरान पर क्यों किया इजरायल ने हमला?
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने मंगलवार को कहा कि इजराइल और अमेरिका ने ईरान पर हमला इसलिए किया क्योंकि तेहरान ने अपना परमाणु कार्यक्रम फिर से शुरू कर दिया था और वह कुछ ही महीनों में परमाणु प्रतिरक्षा प्राप्त कर लेता।
नेतन्याहू ने मंगलवार को फॉक्स न्यूज से कहा कि ईरान पर हमला करना बेहद जरूरी था क्योंकि तेहरान अपने मिसाइल एवं परमाणु कार्यक्रमों को हमलों से बचाने के लिए नए भूमिगत ठिकाने बना रहा था।
अगर अभी नहीं करते तो आगे मुश्किल होता
उन्होंने कहा, 'ईरान ने नए ठिकाने, नए स्थल, भूमिगत बंकर बनाना शुरू कर दिया, जो उसके बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम और परमाणु बम कार्यक्रम को कुछ ही महीनों में सुरक्षित कर देते। अगर अभी कोई कार्रवाई नहीं की जाती, तो भविष्य में भी कोई कार्रवाई नहीं हो पाती।'
इजराइली प्रधानमंत्री ने टीवी चैनल से कहा, 'हमें अभी कार्रवाई करनी पड़ी, इसका कारण यह है कि पिछले साल जून में हुए 12 दिवसीय युद्ध में उनके परमाणु ठिकानों और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम पर हमला करने के बाद... उन्होंने नए ठिकाने और भूमिगत बंकर बनाने शुरू कर दिए, जो कुछ ही महीनों में उनके बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम और परमाणु बम कार्यक्रम को सुरक्षित कर देते।' उन्होंने कहा, 'अगर अभी कोई कार्रवाई नहीं की जाती, तो भविष्य में भी कोई कार्रवाई नहीं हो पाती।'
यह नेतन्याहू और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा पिछले साल किए गए दावों के विपरीत है। इजराइली नेता ने कहा था कि इजराइल ने ईरान पर ऐतिहासिक विजय हासिल की है जो पीढ़ियों तक कायम रहेगी। वहीं, ट्रंप ने दावा किया था कि ईरानी परमाणु कार्यक्रम पूरी तरह से नष्ट हो गया है।
