IRGC on Trump Claims: ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर पलटवार किया है। IRGC ने ट्रंप को जवाब देते हुए कहा कि वह मिडिल ईस्ट में युद्ध का अंत तय करेगी। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था कि यह संघर्ष जल्द खत्म हो जाएगा। IRGC ने अपने बयान में आगे कहा कि इस क्षेत्र के समीकरण और भविष्य की स्थिति अब हमारी सेना के हाथों में है; अमेरिकी सेना इस युद्ध को खत्म नहीं करेगी।
ईरान का ट्रंप पर पलटवार
तो ईरान एक लीटर तेल भी निर्यात नहीं होने देगा
IRGC ने यह भी कहा कि अगर अमेरिका और इजराइल के हमले जारी रहे, तो ईरान इस क्षेत्र से एक लीटर तेल भी निर्यात नहीं होने देगा। युद्ध में कथित शर्मनाक हार के बाद डोनाल्ड ट्रंप अपनी तथाकथित कामयाबियों को दिखाकर जनमत को गुमराह करने और मनोवैज्ञानिक दबाव से बचने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन ईरान, अमेरिका और इजराइल के हमलों के खिलाफ बहादुरी और दृढ़ता के साथ खड़ा है। हमने ट्रंप से झूठ के अलावा कुछ नहीं देखा है।
ट्रंप ने की ईरान में सामाजिक अराजकता पैदा करने की कोशिश
IRGC ने कहा, ट्रंप ने ईरानी जनता को इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के खिलाफ सड़कों पर उतारने और ईरान में सामाजिक अराजकता पैदा करने की कोशिश की थी, लेकिन आज सड़कों पर समझदार ईरानी लोगों ने उन्हें करारा जवाब दिया है। ट्रंप और बेंजामिन नेतन्याहू के खिलाफ ईरानियों का गुस्सा और प्रतिरोध और अधिक फैल गया है।
ईरानी मिसाइलें खत्म होने का दावा गलत
ट्रंप का दावा है कि ईरानी मिसाइलें खत्म हो गई हैं और अब उनमें नुकसान पहुंचाने की ताकत नहीं बची है। अगर वह सच कह रहे हैं, तो वे पत्रकारों और मीडिया को तबाही और उसके असर की तस्वीरें प्रकाशित करने की अनुमति क्यों नहीं देते? आप हताहतों के आंकड़े क्यों छिपा रहे हैं? ट्रंप ने नेतृत्व चुनने और अपनी इच्छानुसार नेतृत्व नियुक्त करने में हस्तक्षेप करने का दावा किया था, लेकिन आज एक अमेरिका-विरोधी और क्रांतिकारी व्यक्ति को क्रांति का नेता चुना गया है।
IRGC ने कहा, युद्ध को आगे बढ़ाने के लिए हमारे हाथ खुले हैं। सुरक्षा सबके लिए होगी, और असुरक्षा भी सबके लिए होगी। हम पूरी ताकत के साथ युद्ध जारी रखे हुए हैं, और ईरान ही इस युद्ध का अंत तय करेगा।
