Saudi Arabia Bahrain Bridge Closed: ईरान युद्ध (Iran War) फिलहाल थमता नहीं दिख रहा है। एक तरह जहां अमेरिका-इजराइल मिलकर ईरान को निशाना बना रहे हैं, वहीं ईरान भी खाड़ी देशों को तबाह कर रहा है। सऊदी अरब को द्वीपीय देश बहरीन से जोड़ने वाले एक महत्वपूर्ण पुल किंग फहद कॉजवे को ईरानी हमलों के खतरे के चलते मंगलवार तड़के बंद कर दिया गया। किंग फहद कॉजवे अथॉरिटी ने एक्स पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी। अथॉरिटी ने कहा कि सऊदी अरब के पूर्वी प्रांत को निशाना बनाकर किए जाने वाले संभावितईरानी हमलों के मद्देनजर एहतियात के तौर पर वाहनों की आवाजाही निलंबित कर दी गई है।
सऊदी-बहरीन पर ईरान के हमले का खतरा बढ़ा
करीब 25 किलोमीटर लंबा यह पुल बहरीन को सड़क मार्ग से अरब प्रायद्वीप से जोड़ने वाला एकमात्र रास्ता है। बहरीन में अमेरिकी नौसेना के 5वें बेड़े का मुख्यालय स्थित है। इस बीच, डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने ईरान को अल्टीमेटम दिया है कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोले, अन्यथा मंगलवार रात आठ बजे तक ऐसा नहीं करने पर ईरान के बिजली संयंत्रों और पुलों पर बमबारी की जाएगी।
ट्रंप की ईरान को धमकी
6 अप्रैल को ट्रंप ने ईरान को अपने खास 'ट्रंप-अंदाज' में धमकी दी। उन्होंने खुले तौर पर तेहरान के पावर प्लांट और पुलों पर एक साथ हमले करने की चेतावनी दी। हालांकि, उनकी भाषा ने भी उतनी ही सुर्खियां बटोरीं जितनी कि उनकी धमकी ने। अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान की खुलेआम बेइज्जती करते हुए 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज' को फिर से खोलने की मांग की।
उन्होंने कहा, मंगलवार का दिन ईरान के लिए 'पावर प्लांट डे' और 'ब्रिज डे' होगा - सब कुछ एक ही दिन में! ऐसा पहले कभी नहीं हुआ होगा!!! उस कमबख्त स्ट्रेट को खोलो, तुम ********, वरना तुम नरक में रहोगे - बस देखते जाओ! भगवान को प्रार्थना करें। राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप,' ट्रंप ने यह 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट में लिखा। कुछ घंटों बाद, उन्होंने फिर लिखा, 'मंगलवार, रात 8:00 बजे (ईस्टर्न टाइम)!' हालांकि, 'ट्रुथ सोशल' पर किए गए इस बाद वाले अपडेट में ईरान का कोई सीधा जिक्र नहीं था।
ट्रंप की चेतावनी पर संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने चिंता जताई
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के उस सोशल मीडिया पोस्ट पर चिंता जताई है, जिसमें उन्होंने होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खोलने पर ईरान के बिजली संयंत्रों, पुलों और अन्य बुनियादी ढांचे पर हमले की धमकी दी है। महासचिव के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने सोमवार को दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कहा, हां, हम उस सोशल मीडिया पोस्ट से चिंतित हैं, जिसमें समझौता नहीं करने पर ईरान के बिजली संयंत्रों, पुलों और अन्य ढांचे पर हमले की धमकी दी गई है।
ट्रंप ने रविवार को ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए चेतावनी दी थी कि यदि मंगलवार तक हॉर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खोला गया, तो ईरान के बिजली संयंत्रों, पुलों और अन्य ढांचों पर बमबारी की जाएगी। दुजारिक ने कहा कि महासचिव अंतरराष्ट्रीय कानून के मुद्दों पर पहले भी स्पष्ट रुख रख चुके हैं और उन्होंने सभी पक्षों से एक बार फिर अपील की है कि वे संघर्ष के दौरान अपने दायित्वों का पालन करें। गुतारेस ने दोहराया कि नागरिक बुनियादी ढांचे, खासकर ऊर्जा से जुड़े ढांचे, पर हमला नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भले ही कोई ढांचा सैन्य लक्ष्य माना जाए, फिर भी अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून ऐसे हमलों की अनुमति नहीं देता, जिससे नागरिकों को अत्यधिक नुकसान होने की आशंका हो।
ईरान ने जापानी नागरिक को रिहा किया
जापान ने मंगलवार को बताया कि जनवरी में ईरान में हिरासत में लिए गए एक जापानी नागरिक को रिहा कर दिया गया है। मुख्य कैबिनेट सचिव मिनोरू किहारा ने पत्रकारों को बताया कि इस नागरिक की रिहाई की पुष्टि सोमवार को हुई। रिहा किया गया व्यक्ति जापान के सरकारी प्रसारणकर्ता एनएचके का पत्रकार बताया जा रहा है। किहारा ने बताया कि रिहा किया गया व्यक्ति स्वस्थ है। बहरहाल, उन्होंने कोई और जानकारी देने से इनकार कर दिया।
