Iran US War Who Suffered: अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी 2026 को ईरान पर हमले शुरू किए। यह हमला ईरान के परमाणु कार्यक्रम, मिसाइल ठिकानों और सैन्य सुविधाओं पर था। फिर इस जंग का दायरा बढ़ता गया और ईरान के पलटवार के साथ ही यह लड़ाई बढ़ती गई। इस जंग से किसे क्या हासिल हुआ यह तो नहीं कह सकते पर नुकसान और तबाही इतनी ज्यादा हुई है जिसकी भरपाई होना बेहद मुश्किल है।
एक अनुमान के मुताबिक बताया जा रहा है कि अमेरिका इजरायल और ईरान की जंग में दुनिया की GDP को अब तक करीब 54.88 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है।
ईरान में तबाही का मंजर
इस जंग में सबसे बड़ा नुकसान ईरान का हुआ है, वहां के तमाम स्कूल, अस्पताल और ऐतिहासिक इमारतें खंडहर बन गई हैं। वहीं ईरान में अब तक 3000 से ज्यादा मौतें हो चुकी हैं और 25 हजार से ज्यादा लोग घायल हैं। एक चेतावनी के मुताबिक ईरान की GDP 10 फीसदी से ज्यादा गिर सकती है।

iran us war who suffered
ईरान में 90,000 से ज़्यादा रिहायशी इमारतें क्षतिग्रस्त
IRNA के मुताबिक ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी ने बताया है कि ईरान पर अमेरिका और इजराइल के हमलों के परिणामस्वरूप 90,000 से ज़्यादा रिहायशी इमारतें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। संगठन के अनुसार, कुल 113,570 आम नागरिक संरचनाएं प्रभावित हुईं, जिनमें 22 हजार से ज्यादा व्यावसायिक संपत्तियां और 90 हजार से ज्यादा रिहायशी घर शामिल हैं। तेहरान की बात करें तो तेहरान में ही 44 हजार से ज्यादा रिहायशी और व्यावसायिक इमारतें क्षतिग्रस्त हुईं।
750 से ज्यादा स्कूल प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित
ईरान में 750 से ज्यादा स्कूल प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित हुए हैं। वहीं 230 से ज्यादा छात्रों की मौत हो गई। 307 दवा, चिकित्सा और स्वच्छता सुविधाओं के साथ-साथ आपातकालीन केंद्रों को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है।
अमेरिका के करीब 7.49 लाख करोड़ रुपये स्वाहा
वहीं एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस युद्ध में अब तक अमेरिका के करीब 7.49 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो चुके हैं। अगर यह संघर्ष जारी रहा तो अमेरिका का नुकसान $210 बिलियन तक पहुंच सकता है। उधर ईरान और हिज़्बुल्लाह के साथ चल रहे युद्ध की वजह से इजरायल के करीब 15 अरब डॉलर पानी में बह गए हैं।
